Jharkhand Volleyball team impressive performance: भुवनेश्वर में 26वीं यूथ राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता चल रही है। यहां झारखंड की टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। झारखंड की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता की मजबूत टीमों में से एक केरल को कड़े संघर्षपूर्ण मुकाबले में 3–1 सेटों से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।
यह रोमांचक मुकाबला भुवनेश्वर स्थित बिजू पटनायक इंडोर स्टेडियम, KIIT एवं KISS यूनिवर्सिटी कैंपस में खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन किया। मैच की शुरुआत में केरल की टीम ने बेहतर तालमेल के साथ खेलते हुए पहला सेट 25–19 से अपने नाम कर लिया।
पहला सेट गंवाने के बाद झारखंड की टीम ने शानदार वापसी की और दूसरे सेट में कड़े संघर्ष के बाद 25–23 से जीत हासिल कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। तीसरे सेट में भी झारखंड के खिलाड़ियों ने संयम और बेहतरीन तालमेल का परिचय देते हुए 25–23 से जीत दर्ज की।
चौथा सेट अत्यंत रोमांचक रहा, जिसमें दोनों टीमों के बीच लगातार कांटे की टक्कर देखने को मिली। आखिरकार झारखंड की टीम ने अद्भुत धैर्य और संघर्ष का परिचय देते हुए 36–34 से सेट जीतकर मैच 3–1 से अपने नाम कर लिया।
इस जीत में टीम के खिलाड़ियों के साथ-साथ टीम प्रबंधन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम के मैनेजर सत्यदेव सिंह, चीफ कोच संदीप राय के साथ कोच प्रियरणजन और अमन लकड़ा ने खिलाड़ियों को रणनीतिक मार्गदर्शन देकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मैच के दौरान झारखंड वॉलीबॉल संघ के संरक्षक शेखर बोस, कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सहाय, सचिव उत्तम राज तथा सीईओ निशिकांत पाठक भी उपस्थित रहे और पूरे मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे।
