RDCA Cricket: लिटिल विंग्स स्कूल B डिविजन क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब नवभारत क्रिकेट क्लब ने जीत लिया है। नवभारत ने जेके क्रिकेट एकेडमी को 164 रनों से हराकर खिताब जीता।
रांची जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रांची के ओटीसी मैदान में खेला गया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी नवभारत क्रिकेट क्लब की टीम ने 9 विकेट पर 308 रन बनाये।
नवभारत क्रिकेट क्लब की ओर से कुंदन ने 71, महावीर ने 51 और बबलू ने 47 रनों का योगदान दिया।
जेके क्रिकेट एकेडमी की ओर से विवेक और नीतीश ने 3-3 विकेट लिये।
309 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेके क्रिकेट एकेडमी की टीम 22.4 ओवर में 144 रनों पर ऑल आउट हो गयी।
नीतीश ने सबसे ज़्यादा 50 रन बनाये, कृष ने 36 रनों का योगदान दिया।
विजयी टीम नवभारत की ओर से श्याम ने 3 और रंजीत ने 2 विकेट लिये।
मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह
फाइनल मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में लिटिल विंग्स स्कूल के निदेशक रामेंद्र कुमार एवं रांची जिला क्रिकेट संघ के कार्यकारी अध्यक्ष राजू शर्मा मौजूद थे।
उनके अलावा आरडीसीए के उपाध्यक्ष विभूति भूषण प्रसाद, जिला संघ के सचिव शैलेंद्र कुमार ने खिलाड़ियों को पुरस्कार दिये।
यहां पर विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी दिये गये।
टूर्नामेंट में बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार आर. एस. ए सीनियर के देवांश पोद्दार और बेस्ट बॉलर का अवार्ड यंग मोनार्क क्रिकेट एकेडमी के अभय कुमार साहू को दिया गया।
फाइनल के मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार नवभारत क्रिकेट क्लब के कुंदन कुमार को दिया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में जेएससीए के कमेटी मेंबर रमेश कुमार, रांची जिला क्रिकेट संघ के कार्यकारिणी सदस्य मुज्जफर अली, सहायक सचिव सुनील पाल, अजय कुकरेती, हेहल स्पोर्टिंग के सचिव कैलाश सिंह, मुक्तेश सिंह, नागेन्द्र मिश्रा, मांधाता, राजू रजक, अभिनव सहाय और अजय सिंह भी मौजूद थे।
