Jharkhand T20 League: आईपीएल की तर्ज पर झारखंड में भी टी-20 लीग का आगाज होने जा रहा है।
इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी जलवा बिखेरेंगे।
पहले सीजन की नीलामी के लिए दरबार टाटानगरी जमशेदपुर में सजा।
यहां लीग में भाग लेने वाली टीमों के अधिकारी खिलाड़ियों की बोली लगाने जुटे।
इस नीलामी की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर रही ईशान किशन की बोली।
ईशान किशन झारखंड टीम के कप्तान और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं।
आईपीएल के इस सीजन में धमाकेदार बल्लेबाजी कर उन्होंने गेंदबाजों की बखिया उड़ायी है।
फिलहाल वे भारतीय टीम में चुने गये हैं जो अफगानिस्तान के साथ सीरीज खेलने जा रही है।
बावजूद इसके ईशान किशन को महज 6.25 लाख रूपये में संथाल स्ट्राइकर्स ने खरीदा।
ईशान से महंगे बिके कई खिलाड़ी
रोबिन मिंज झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।
इस आईपीएल में वे मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे थे। कुछ मैचों में मौका मिलने के बावजूद उन्होंने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया।
लेकिन इसके बावजूद उन्हें ईशान किशन से महंगी बोली पर खरीदा गया।
15.25 लाख की बोली पर रोबिन को कोयलांचल सुपर किंग्स ने खरीदा।
रॉबिन इस लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी भी बन गये।
दूसरे नंबर पर बल्लेबाज विराट सिंह रहे।
विराट सिंह को छोटा नागपुर रॉयल्स ने 13 लाख रूपये में खरीदा।
वहीं मोहम्मद कोनैन कुरैशी को जमशेदपुर स्टीलर्स ने 12.50 लाख रूपये खर्च कर खरीदा।
विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र में शुरूआत में किसी फ्रेंचाइजी ने दिलचस्पी नहीं दिखायी।
हालांकि बाद में वे 4 लाख रूपये में खरीदे गये।
नीलामी का संचालन जानी मानी हस्ती चारू शर्मा ने किया।
15 जून से शुरू होने वाले इस प्रतियोगिता में छह टीमें खिताबी भिड़ंत के लिए टकरायेंगे।
रांची टाइटंस, जमशेदपुर स्टीलर्स, छोटानागपुर रॉयल्स, कोयलांचल सुपर किंग्स, धनबाद डायमंड्स, संथाल स्ट्राइकर्स की टीम इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं।
यह प्रतियोगिता न सिर्फ झारखंड के खेलप्रेमियों के लिए एक रोमांच लेकर आयेगा बल्कि इस राज्य के युवा प्रतिभाओं को जौहर दिखाने के लिए एक बड़ा मंच भी देगा।
