Indian Under-17 Volleyball Team: पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर निवासी आकाश कुमार तांती का भारतीय अंडर-17 पुरुष वॉलीबॉल टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चयन किया गया है।
झारखंड वॉलीबॉल संघ ने इस चयन पर हर्ष जताया है।
आकाश कुमार तांती वर्तमान में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCoE), अहमदाबाद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
वे झारखंड जूनियर वॉलीबॉल टीम के सदस्य रह चुके हैं तथा जूनियर राष्ट्रीय एवं स्कूल राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
आकाश चक्रधरपुर की सीकेपी वॉलीबॉल अकादमी के खिलाड़ी हैं और उन्होंने अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक आशीष कुमार आनंद के मार्ग दर्शन में अपने खेल कौशल को निखारा है।
उनकी इस उपलब्धि से पश्चिमी सिंहभूम जिले सहित पूरे झारखंड के वॉलीबॉल जगत में उत्साह का माहौल है।
उनका चयन आगामी एफआईवीबी अंडर-17 बॉयज़ वर्ल्ड वॉलीबॉल चैम्पियनशिप-2026 की तैयारी हेतु आयोजित भारतीय टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है।
यह विश्व चैम्पियनशिप अगस्त 2026 में दोहा, कतर में आयोजित होगी।
झारखंड वॉलीबॉल संघ ने भरोसा जताया है कि आकाश अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
यह उपलब्धि झारखंड में वॉलीबॉल के निरंतर विकास तथा राज्य के खिलाड़ियों की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान का प्रतीक है।
