Bronze Medal in Asia Cup: एशिया कप में भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक पर कब्ज़ा जमा लिया है।
कोरिया को 3-0 से हराकर भारत ने कांस्य पदक पर कब्ज़ा जमा लिया।
झारखंड की संदीपा कुमारी ने मैच के दूसरे मिनट में ही भारत की ओर से एक शानदार गोल कर कांस्य पदक पक्का करने के लिए पहली सीढ़ी की शुरुआत की।
संदीपा कुमारी को उसके शानदार खेल के लिए बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मुकाबले में भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में मिली हार से सबक लेते हुए आक्रामक शुरुआत की।
मैच के दूसरे मिनट में ही झारखंड की संदीपा कुमारी ने फील्ड गोल कर भारत को बढ़त दिलाई और कांस्य पदक की ओर पहला कदम बढ़ाया।
दूसरे क्वार्टर की शुरूआत में भी मैच के 16वें मिनट में कप्तान स्वीटी कुजूर ने दूसरा गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।
तीसरे क्वार्टर की शुरूआत में ही में मैच के 33वें मिनट में टूर्नामेंट में सर्वाधिक 12 गोल करने वाली नौशीन नाज ने भारत की ओर से एक और गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया, जो निर्णायक साबित हुआ।
झारखंड की 6 खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान
कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम में झारखंड की 6 खिलाड़ी शामिल रहीं।
संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी, श्रुति कुमारी, सुगन सांगा, नीलम टोपनो और खिल्ली कुमारी ने प्रतियोगिता में बेहतर खेल का प्रदर्शन किया।
झारखंड की संदीपा कुमारी और श्रुति कुमारी ने 2-2 गोल किए, जबकि पुष्पा मांझी ने 1 गोल किया।
संदीपा कुमारी बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
मैच के दूसरे मिनट में ही भारत की ओर से गोल कर आक्रमण की शुरुआत करने करने वाली झारखंड की संदीपा कुमारी बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच बनीं।
संदीपा ने पूरे मैच के दौरान शानदार खेल का प्रदर्शन कर भारत को कांस्य पदक जितने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह और कोषाध्यक्ष शेखर जे. मनोहरण ने जीत के बाद भारतीय टीम को बधाई दी।
झारखंड में होगा भव्य स्वागत
भारत की जीत पर हॉकी झारखंड और खेल विभाग झारखंड सरकार के पदाधिकारियों ने बधाई दी।
झारखंड आगमन पर पदक विजेता सभी खिलाड़ियों का हॉकी झारखंड की ओर से भव्य स्वागत किया जाएगा।
