Self Defense Techniques: शोतोकान कराटे-डो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में रविवार को रांची के डोरंडा कॉलेज कराटे ट्रेनिंग सेंटर में एक दिवसीय कराटे प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
यह आयोजन फेडरेशन के मुख्य प्रशिक्षक एवं मुख्य टेक्निकल डायरेक्टर हांशी मानस सिन्हा के मार्ग दर्शन में हुआ।
शिविर में फेडरेशन के टेक्निकल डायरेक्टर एवं डोरंडा कॉलेज कराटे सेंटर के मुख्य प्रशिक्षक शिहान रंजीत मेहता ने ब्लू बेल्ट, पर्पल बेल्ट, ब्राउन बेल्ट एवं ब्लैक बेल्ट की महिला खिलाड़ियों को आत्मरक्षा (Self-Defense) के विशेष प्रशिक्षण प्रदान किए।
प्रशिक्षण के दौरान चाकू से होने वाले अचानक हमलों से बचाव, हमलावर को नियंत्रित करने तथा विभिन्न परिस्थितियों में प्रभावी आत्मरक्षा की तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
शिविर के दौरान शिहान मेहता ने बताया कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रत्येक महिला के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इसी उद्देश्य से खिलाड़ियों को विभिन्न प्रकार के आक्रमणों से बचाव एवं आत्मविश्वास के साथ उनका सामना करने की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा आत्मरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण तकनीकों का अभ्यास किया।
