National Throwball Championship: राजस्थान में आयोजित 36वीं जूनियर नेशनल थ्रोबॉल चैंपियनशिप में झारखंड बालिका टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
टीम ने पूरे लीग चरण में अजेय रहते हुए बिहार, मध्य प्रदेश एवं तमिलनाडु को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
क्वार्टर फाइनल में झारखंड की बेटियों ने बेहद रोमांचक मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
तीन सेटों तक चले संघर्षपूर्ण मैच में गोल्डन प्वाइंट तक पहुंचे मुकाबले को जीतकर टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
सेमीफाइनल में झारखंड का मुकाबला प्रतियोगिता की विजेता टीम कर्नाटक से हुआ, जहां कड़े संघर्ष के बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा और कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
झारखंडी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के दौरान झारखंड की खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत उपलब्धियां भी हासिल कीं।
लीग चरण में प्रमिला सोरेन, सुनीता सोरेन एवं सुरभि सिंह को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “प्लेयर ऑफ द मैच” पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि क्वार्टर फाइनल में टीम को विजय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आकांक्षा को “प्लेयर ऑफ द मैच” चुना गया।
इस शानदार उपलब्धि पर झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ के अध्यक्ष वेदांत कौस्तव, महासचिव राजेश सिंह, डॉ राजेश गुप्ता, उपाध्यक्ष जमील अंसारी, नगीना कुमार, कीर्ति कुमार, गौतम सिंह, नीरज वर्मा, सोनू सिंह, देवव्रत कुमार, आशीष पाठक, गुंजन सिंह, आशुतोष गोस्वामी, कृष्णा सिंह, विश्वास उरांव, नीतीश सिंह, मो. आमिर, अबोध राम, दीपक कुमार, मुकेश कुमार सहित संघ के सभी पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने टीम, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं प्रबंधकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
संघ के अध्यक्ष वेदांत कौस्तव ने कहा कि झारखंड की बेटियों ने पूरे देश में राज्य का गौरव बढ़ाया है और उनका यह प्रदर्शन आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
वहीं महासचिव राजेश सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है तथा भविष्य में टीम और भी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
