CSK iSquash Open Tournament: 6 से 10 जून तक पुणे में आयोजित सीएसके आईस्क्वैश ओपन में रांची के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता के गर्ल्स अंडर-11 वर्ग में शारण्या घोष ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसी वर्ग में अनैशा साहू ने भी बेहतरीन प्रदर्शन, दृढ़ संकल्प और संघर्षशीलता का परिचय देते हुए तृतीय स्थान हासिल किया।
दोनों खिलाड़ी क्रॉसकोर्ट अकादमी रांची में प्रशिक्षु हैं।
खिलाड़ियों की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और खेल के प्रति जुनून का परिणाम है।
उनकी इस उपलब्धि पर क्रॉसकोर्ट प्रबंधन, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर कोचिंग टीम को भी विशेष बधाई दी गई, जिनके निरंतर मार्गदर्शन, अथक परिश्रम और समर्पित प्रयासों ने खिलाड़ियों को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
क्रॉसकोर्ट की संस्थापक एवं निदेशक स्वेता बुधिया ने खिलाड़ियों और कोचिंग टीम को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सभी के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये युवा खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड, रांची और देश का नाम रोशन करेंगे।
