Hockey Simdega: हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले सिमडेगा की बेटियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
जापान में आयोजित अंडर-18 महिला एशिया कप हॉकी में कांस्य पदक जीतकर लौटी भारतीय टीम की सदस्य पुष्पा मांझी और संदीपा कुमारी का जिले में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।
भारतीय टीम की सफलता में सिमडेगा की दो बेटियों का अहम योगदान रहा।
पुष्पा मांझी और संदीपा कुमारी ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए महत्वपूर्ण गोल दागे और देश का गौरव बढ़ाया।
अपने गृहनगर सिमडेगा पहुंचने पर हॉकी सिमडेगा ने दोनों खिलाड़ियों का शानदार स्वागत किया।
इसके बाद दोनों खिलाड़ियों और उनकी प्रशिक्षक तारिणी कुमारी को जिले की उपायुक्त कंचन सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में सम्मानित किया।
उपायुक्त महोदया ने बुके, मोमेंटो और माला पहनाकर खिलाड़ियों को बधाई दी तथा उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि सिमडेगा की बेटियों ने न केवल जिले बल्कि पूरे झारखंड और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
उनकी यह सफलता जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, खान-पान और खेल संबंधी अनुभवों की जानकारी लेते हुए उन्हें भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
इस दौरान जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार और हॉकी झारखंड सह हॉकी सिमडेगा के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी सहित कई खेल पदाधिकारी मौजूद रहे।
सिमडेगा की इन बेटियों की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर छोटे शहरों के सपने भी विश्व मंच पर परचम लहरा सकते हैं।
