Divyang T20 tournament: दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ़ इंडिया के तत्वावधान में हरियाणा में आयोजित टी-20 केसरी दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट इंडिया-ए और इंडिया-बी के बीच खेला जाएगा।
आगामी 13 जून से 15 जून तक होने वाले इस राष्ट्रीय सीरीज में झारखंड के चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
इंडिया-ए टीम में निशांत कुमार उपाध्याय, नीरज कुमार और शौकत अली का चयन हुआ है, जबकि इंडिया-बी टीम में वागीश त्रिपाठी को शामिल किया गया है।
गुरूवार को चयनित चारों खिलाड़ी हरियाणा के लिए रवाना हुए।
रांची के रहने वाले निशांत कुमार उपाध्याय और वागीश त्रिपाठी भारत के लिए पहले भी खेल चुके हैं।
इन्होंने दुबई में आयोजित DPL में भी शानदार प्रदर्शन किया था।
शौकत अली ने अपने ऑल राउंड प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया है।
वहीं राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन का इनाम नीरज कुमार को मिला है और वह पहली बार राष्ट्रीय टीम में शामिल हुए।
रांची के कोकर के रहने वाले नीरज ने कहा कि किसी की राष्ट्र स्तर के प्रतियोगिता में भाग लेना गर्व का विषय है, लेकिन इसका एक अतिरिक्त दबाव भी होता है।
उन्होंने उम्मीद जताई की अन्य राष्ट्र स्तरीय खिलाड़ियों के सानिध्य में उनका प्रदर्शन शानदार रहेगा और वह भी राष्ट्र स्तर पर अपना स्थान बनाने में कामयाब रहेंगे।
झारखंड के चार खिलाड़ियों के चयन पर झारखंड डिसेबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता, सचिव सरिता सिंहा, दिव्यांगजन क्रिकेट के प्रणेता एवं कोच मुकेश कंचन, महिला क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों सहित गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी एवं उनके शानदार प्रदर्शन की कामना की।
