मीडिया कप वॉलीबॉल के खिताबी जंग में भिड़ी ब्लैक एंड व्हाइट, ब्लैक ने व्हाइट को हराकर जीता खिताब

Media Cup Volleyball tournament: पत्रकार सिर्फ कलम के ही धनी नहीं होते हैं बल्कि मौका मिलने पर मैदान में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने में पीछे नहीं रहते।

कुछ ऐसा ही नज़ार देखने को मिला रांची विश्वविद्यालय के वॉलीबॉल कोर्ट में आयोजित मीडिया कप वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026 में।

टीम ब्लैक ने जीता खिताब

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में टीम ब्लैक ने टीम व्हाइट को शानदार तरीके से तीन सेटों में हराकर खिताब को अपने नाम किया।

तीन सेटों में चले फाइनल मुकाबले में टीम ब्लैक ने पहला सेट गंवा दिया।

इसके बाद टीम ब्लैक ने शानदार वापसी करते हुए मैच 20-25, 25-18, 16-14 से जीत हासिल की।

फाइनल मैच के हीरो रहे अभिषेक सिन्हा, जिन्हें मैन ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया।

सेमीफाइनल में ब्लैक एंड व्हाइट ने दर्ज की जीत

इससे पहले सेमीफाइनल में भी टीम ब्लैक ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

सेमीफाइनल मुकाबले में टीम ब्लैक ने नेवी ब्लू को 25-14, 25-20 से और दूसरे सेमीफाइनल में टीम व्हाइट ने टीम येलो को 25-12, 25-11 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

पहले सेमीफाइनल में टीम ब्लैक के अभिषेक सिन्हा मैन ऑफ द मैच रहे।

दूसरे सेमीफाइनल में टीम व्हाइट के किसलय शानू को मैन ऑफ मैच दिया गया।

समापन समारोह में खिलाड़ियों को मिला पुरस्कार

मैच के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

प्लेयर ऑफ द फाइनल का खिताब अभिषेक सिन्हा को मिला।

बेस्ड डेफेंडर किसलय शानू, बेस्ट मिडिल प्लेयर राजेश कुमार सिंह और बेस्ट स्मैसर अमित कुमार सिंह को मिला।

इस मौके पर मुख्य अतिथि राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि पत्रकार सिर्फ लेखनी तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि वे खेल-संस्कृति में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं।

राजनीतिज्ञ, डॉक्टर, इंजीनियर सिर्फ अपने कार्य ही करते हैं, लेकिन पत्रकार ही ऐसे हैं जो हर विधा में अपनी कला दिखाते हैं।

मीडिया कप वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026 के सफल आयोजन में बासुदेब चटर्जी स्मृति फाउंडेशन ने महती भूमिका निभाई।

वहीं, इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने खिलाड़ियों की बीच संगठन की ओर से उपहार भी बांटा।

साथ ही छतरपुर नगर परिषद के अध्यक्ष अरविंद प्रताप का सम्मान किया गया।

कई वरिष्ठ पत्रकारों को भी प्रेस क्लब की ओर से सम्मानित किया गया।

मीडिया कप वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन सत्र के दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में खेल निदेशक छवि रंजन, इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष भारत भूषण प्रसाद, वरिष्ठ पत्रकार अजय कुकरेती, रजत गुप्ता, रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी, सचिव अभिषेक कुमार सिन्हा, सह सचिव चंदन भट्टाचार्य, कोषाध्यक्ष कुबेर प्रसाद सिंह, कार्यकारिणी सदस्य प्रतिमा कुमारी, राजन बॉबी, संजय सुमन, अशोक गोप, विजय गोप, सौरभ शुक्ला, संतोष सिन्हा, अमित कुमार सिंह, निर्भय कुमार सहित बड़ी संख्या में क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।