India defeated USA: भारतीय महिला हॉकी टीम ने FIH हॉकी महिला नेशंस कप में विजयी आगाज किया है।
अपने पहले मुकाबले में भारत ने शानदार वापसी करते हुए अमेरिका को 3-2 से हरा दिया।
ऑकलैंड के नॉर्थ हार्बर नेशनल हॉकी सेंटर में खेले गए इस मैच में एक समय भारतीय टीम 0-2 से पीछे चल रही थी, लेकिन टीम ने बेहतरीन जज्बा दिखाते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
पिछड़ने के बाद भारत की शानदार वापसी
मैच के शुरूआती 7 मिनट में अमेरिका ने 2 गोल दागकर भारत पर दबाव बना दिया।
अमेरिका के लिए एशले सेसा ने चौथे मिनट और मैडलीन जिमर ने सातवें मिनट में गोल दागा।
2 गोल से पिछड़ने के बाद भारत का खेल अचानक से आक्रामक हो गया।
दूसरे क्वार्टर के शुरूआत में ही 17वें मिनट में ड्रैग फ्लिक विशेषज्ञ दीपिका ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर दिया।
इसके बाद 24वें मिनट में एक बार दीपिका ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर को 2-2 से बराबर कर दिया।
हाफ टाइम से पहले भारत की नवनीत ने 28वें मिनट में एक और गोल दागकर भारत को बढ़त दिला दी।
हाफ टाइम तक भारत की टीम 3-2 से आगे हो गयी।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने बराबरी का खेल दिखाया, लेकिन दूसरे हाफ में कोई भी टीम गोल करने में नाकाम रही।
इसी के साथ भारत ने अमेरिका को पिछड़ने के बावजूद 3-2 से हराकर शानदार शुरूआत की।
इस जीत के साथ ही भारत 3 अंकों के साथ पूल-ए में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
इसी पूल में जापान 3 अंकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है।
दीपिका को शानदार खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारतीय टीम में झारखंड की खिलाड़ी भी शामिल हैं।
कप्तान सलीमा टेटे के अलावा निक्की प्रधान और दीपिका सोरेंग भी टीम का हिस्सा हैं।
नेशंस कप की विजेता टीम अगले सत्र में प्रो लीग में खेलेगी।
भारत पिछले सीजन में इससे बाहर हो गया था।
