FIH नेशंस कप में भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में, जापान को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की

FIH Nations Cup: न्यूज़ीलैंड के ऑकलैंड में खेले गये मैच में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए जापान को 2-1 से हरा दिया।

अमेरिका के बाद जापान को हराते हुए भारत ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।

रोमांचक रहा जापान के साथ मुकाबला

जापान और भारत के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा।

पहले हाफ तक दोनों टीमों में किसी ने गोल नहीं दागा और 0-0 की बराबरी पर रही।

दूसरे हाफ के शुरूआत में ही निक्की प्रधान के पास पर भारतीय कप्तान सलीमा टेटे ने गोल कर भारत को 1-0 से बढ़त दिला दी।

हालांकि 2 मिनट बाद ही जापान की हिरमित्सु ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया।

मैच के अंतिम क्वार्टर के आखिरी क्षणों में भारत की लालरेम्सियामी ने सुशीला चानू के पास को गोल में तब्दील कर दिया।

खेल के 49वें मिनट में हुआ यह गोल निर्णायक साबित हुआ और भारत ने इसे अंत तक बरकरार रखते हुए 2-1 से जीत दर्ज की।

भारतीय कप्तान सलीमा टेटे और निक्की प्रधान झारखंड की खिलाड़ी हैं और लंबे समय से भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

इस जीत के साथ ही भारत के दो मैचों में 6 अंक हो गये हैं।

भारत अपने पूल में 6 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गया है।

इससे पहले भारत ने अपने पहले मुकाबले में अमेरिका को 3-2 से हराकर प्रतियोगिता में धमाकेदार आगाज किया था।

इस मैच में भारत की तरफ से मिडफिल्डर ज्योति ने अपने करियर का 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला और एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

भारत को लीग चरण के मुकाबलों में अब एक आखिरी मैच और खेलना है।

18 जून को लीग चरण के अंतिम मैच में भारत का सामना उरुग्वे से होगा।

वहीं जापान और अमेरिका सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए आपस में एक दूसरे से भिड़ेंगे।