रांची जिला ओलम्पिक एसोसिएशन की बैठक सम्पन्न, आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर लिये गये कई महत्वपूर्ण निर्णय

Ranchi District Olympic Association: रांची जिला ओलम्पिक एसोसिएशन की विशेष बैठक निशिकांत पाठक की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

बैठक में आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस रांची जिला ओलम्पिक एसोसिएशन से संबद्ध विभिन्न जिला खेल संघों द्वारा वृहद रूप से मनाया जाएगा।

इसके तहत सुबह 9 बजे बिरसा मुंडा स्टेडियम, मोराबादी में रांची जिला ओलम्पिक एसोसिएशन के बैनर तले सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न खेल संघों के खिलाड़ी, पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी भाग लेंगे।

बैठक में झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन द्वारा प्राप्त दिशा-निर्देशों के आलोक में अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस के आयोजन पर भी चर्चा की गई।

निर्णय लिया गया कि 23 जून 2026 को सुबह 6.30 बजे साइक्लोथॉन के साथ ओलम्पिक दिवस समारोह का शुभारम्भ किया जाएगा।

यह कार्यक्रम झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन एवं रांची जिला ओलम्पिक एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।

इसी दिन बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में फलदार वृक्षों का रोपण भी किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त 28 जून को मोराबादी मैदान में मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा।

वहीं झारखंड ओलम्पिक परिसर में “ओलम्पिक 2036” एवं “ग्रीन फॉरेस्ट” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

ओलम्पिक सप्ताह के दौरान विभिन्न जिला खेल संघों द्वारा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा तथा खेल, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं ओलम्पिक मूल्यों से संबंधित जागरूकता सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने इन आयोजनों को सफल बनाने के लिए सभी जिला खेल संघों, खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।

आज की इस बैठक में शिवेंद्र दुबे, राजेंद्र कुमार, गोविंद झा, प्रभाकर वर्मा, दिनेश कुमार, शैलेन्द्र दुबे, चंचल भट्टचार्य, मिथिलेश सिंह, शब्बीर हुसैन, उदय साहू, डॉ. दीपक कुमार साहू और कृष्णा कुमार उपस्थित रहे।