गिल और किशन की जोड़ी ने अफगानिस्तान को रूलाया, टीम इंडिया ने 170 रनों से रौंद सीरीज पर किया कब्ज़ा

Afghanistan Vs India: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शुभमन गिल और ईशान किशन की जोड़ी ने गजब का धमाल मचाया।

दोनों ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर पिटायी की।

बाद में गेंदबाजों ने अपना काम करते हुए भारत को 170 रनों से बड़ी जीत दिला दी।

भारत ने सीरीज ने 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है।

गिल और किशन ने मचाया धमाल

टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित करना अफगानिस्तान के लिए भारी पड़ा।

यशस्वी जायसवाल के सस्ते में आउट होने के बाद रोहित शर्मा और गिल ने मोर्चा संभाला।

दोनों के बीच 87 रनों की साझेदारी हुई।

रोहित शर्मा अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाये और 48 रन बनाकर राशिद खान की गेंद पर आउट हो गये।

उसके बाद ईशान किशन और गिल ने गेंदबाजों की पिटायी जारी रखी।

किशन ने महज 79 गेंदों पर 14 चौके और 7 छक्कों की मदद से 125 रन बनाये।

किशन और गिल ने 216 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया।

कप्तान शुभमन गिल ने 110 गेंदों पर 22 चौके और 2 छक्कों की मदद से 154 रन बनाये।

श्रेयस अय्यर ने 26 रनों का योगदान दिया।

टीम इंडिया 49.5 ओवर में 402 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी।

अफगानिस्तान की तरफ से नांगेयालिया खरोटे ने 4 और राशिद खान ने 3 विकेट झटके।

भारतीय गेंदबाजों के सामने अफगानिस्तान ने घुटने टेके

403 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम की शुरूआत अच्छी रही।

गुरबाज और जारदान ने पहले विकेट के लिए 7.2 ओवर में 52 रन जोड़े।

गुरबाज 41 रन बनाकर गुरनूर ब्रार का शिकार बने।

इसके बाद अर्शदीप की गेंद पर प्रिंस यादव ने जारदान का शानदार कैच लपका।

जारदान ने 21 रनों का योगदान दिया।

71 रनों पर दो विकेट गिरने के बाद अटल और रहमत के बीच अच्छी साझेदारी हुई।

अटल को 41 पर आउट कर वाशिंगटन सुंदर ने इस जोड़ी को तोड़ा।

इसके बाद बल्लेबाजों के आने और जाने का सिलसिला शुरू हो गया।

एक छोर पर टिके रहमत ने नौवें विकेट के रूप में अपना विकेट खोया।

रहमत शाह ने सबसे ज़्यादा 79 रन बनाये और प्रिंस यादव की गेंद पर आउट हुए।

मैदान पर चोट लगने के कारण अब्दुल रसूली बल्लेबाजी करने नहीं आ पाये जिसके कारण मैच 9 विकेट गिरने के बाद ही खत्म हो गया।

भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और गुरनूर ब्रार ने 3-3 विकेट अपने नाम किये।

जबकि इस मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले प्रिंस यादव को 2 विकेट मिला।

इस जीत के साथ ही भारत ने श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।