39th National Under-9 Open & Girls Chess Championship:39वीं राष्ट्रीय अंडर-9 ओपन एवं गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप-2026 का समापन हुआ। आठ साल बाद रांची को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का मौका मिला, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 437 नन्हे शतरंज खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
इनमें झारखंड के 18 खिलाड़ी भी शामिल रहे। प्रतियोगिता का आयोजन रांची के सरला बिरला पब्लिक स्कूल में किया गया।
प्रतियोगिता में कुल पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई। ओपन वर्ग में तमिलनाडु के रयान रोजरियो ने 9.5 अंक हासिल कर राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश के अयांश सिंह दूसरे स्थान पर रहे। तमिलनाडु के सिद्धार्थ अनुज तीसरे, महाराष्ट्र के निखिल चौथे और राजस्थान के ब्यांश पांचवें स्थान पर रहे।
गर्ल्स वर्ग में महाराष्ट्र की नंदी प्रीतिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। तेलंगाना की मधुश्री दूसरे, अंशिता तीसरे, महाराष्ट्र की एडिना चौथे और तेलंगाना की अन्या शर्मा पांचवें स्थान पर रहीं।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित ग्रैंडमास्टर दिव्येंदु बरुआ थे, जो अखिल भारतीय शतरंज महासंघ (AICF) के उपाध्यक्ष और पश्चिम बंगाल शतरंज संघ के अध्यक्ष भी हैं। विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
