इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया की हार, चयन, रणनीति और नेतृत्व की बड़ी नाकामी, एक समीक्षात्मक रिपोर्ट

Team India Selection Controversy: इंग्लैंड दौरे पर भारतीय क्रिकेट टीम की हार ने सिर्फ एक सीरीज नहीं गंवाई, बल्कि टीम प्रबंधन, चयनकर्ताओं और नेतृत्व की रणनीति पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कागजों पर मजबूत दिखने वाली भारतीय टीम मैदान पर बिखरी हुई नज़र आई।

अनुभवी सिराज और शमी टीम से बाहर क्यों?

सबसे बड़ी चिंता यह रही कि पूरी गेंदबाजी लगभग जसप्रीत बुमराह के कंधों पर छोड़ दी गई, जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी जैसे खिलाड़ियों को टीम से बाहर रखा गया।

यह फैसला पूरे दौरे में भारतीय टीम को भारी पड़ा।

बुमराह ने अपनी क्षमता के अनुरूप बेहतरीन गेंदबाजी की, लेकिन क्रिकेट में अकेले किसी एक गेंदबाज के दम पर मैच नहीं जीते जा सकते।

दूसरे छोर से लगातार दबाव बनाने वाला गेंदबाज नहीं मिलने के कारण इंग्लैंड के बल्लेबाज आसानी से साझेदारियां बनाते रहे।

इंग्लैंड दौरे पर अनुभवी सिराज या फिट होने की स्थिति में शमी जैसे गेंदबाजों की कमी साफ दिखाई दी।

यशस्वी जायसवाल को बिठाये रखना समझ के परे

बल्लेबाजी भी भारतीय टीम की सबसे बड़ी कमजोरियों में रही।

शीर्ष क्रम के कई बल्लेबाज लगातार रन बनाने में असफल रहे, लेकिन इसके बावजूद युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को बाहर बैठाने के फैसले ने क्रिकेट विशेषज्ञों को भी हैरान किया।

जायसवाल ने पिछले कुछ समय में क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और कठिन परिस्थितियों में भी लंबी पारियां खेलने की क्षमता दिखाई है।

भारत के लिए अब खेले गये 6 वनडे मैचों में उन्होंने 2 शतक ठोंके हैं और 71 की औसत से 285 रन बना चुके हैं।

ऐसे खिलाड़ी को बाहर रखना टीम प्रबंधन की सोच पर सवाल खड़े करता है।

ऑलराउंडर पर भरोसा पड़ रहा भारी

भारतीय टीम खास तौर पर कोच गौतम गंभीर ने इस दौरे पर ऑलराउंडरों को अधिक महत्व देने की रणनीति अपनाई।

कागजों पर यह योजना संतुलित दिख सकती थी, लेकिन मैदान पर इसका उल्टा असर देखने को मिला।

बल्लेबाजी में अतिरिक्त योगदान की उम्मीद रखने के चक्कर में टीम ने विशेषज्ञ गेंदबाजों की अनदेखी कर दी।

इसका सबसे बड़ा उदाहरण कुलदीप यादव रहे, जो पूरी सीरीज के दौरान बेंच पर बैठे रहे।

इंग्लैंड की पिचों पर जैसे-जैसे मैच आगे बढ़े, स्पिनरों को मदद मिलने लगी, लेकिन कुलदीप जैसे विकेट लेने वाले गेंदबाज को मौका ही नहीं मिला।

उनकी कलाई की स्पिन इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकती थी।

गंभीर, गिल और चयनकर्ता पर उठ रहे सवाल

इस हार के बाद सबसे अधिक सवाल मुख्य कोच गौतम गंभीर, कप्तान शुभमन गिल और चयनकर्ताओं पर उठ रहे हैं।

गंभीर के कार्यकाल में टीम चयन और प्लेइंग इलेवन को लेकर लगातार प्रयोग किए गए, लेकिन अधिकांश फैसले सफल साबित नहीं हुए।

कप्तान शुभमन गिल भी मैदान पर रणनीतिक फैसलों में अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ सके।

वहीं चयनकर्ताओं की टीम निर्माण की सोच भी सवालों के घेरे में है।

हालांकि हार का पूरा ठीकरा किसी एक व्यक्ति पर फोड़ना उचित नहीं होगा, लेकिन यह स्पष्ट है कि टीम चयन, खिलाड़ियों की भूमिका तय करने और परिस्थितियों के अनुरूप रणनीति बनाने में गंभीर चूक हुई।

2027 वनडे विश्व कप की तैयारी पर सवाल

भारतीय क्रिकेट के पास प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन सही खिलाड़ियों का सही समय पर चयन और उन्हें पर्याप्त अवसर देना ही किसी भी सफल टीम की पहचान होती है।

इंग्लैंड दौरे की यह हार भारतीय क्रिकेट के लिए एक चेतावनी है।

यदि भविष्य में विदेशी दौरों पर बेहतर प्रदर्शन करना है तो चयन में निरंतरता, विशेषज्ञ खिलाड़ियों पर भरोसा और परिस्थितियों के अनुसार स्पष्ट रणनीति अपनानी होगी।

अन्यथा प्रतिभा से भरपूर टीम होने के बावजूद भारत बड़े विदेशी मुकाबलों में इसी तरह निराशा झेलता रहेगा।