रीजनल साइंस कांग्रेस 2026 का भव्य समापन, वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर

Regional Science Congress: पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बीआईटी मेसरा, रांची के एमपी हॉल में आयोजित रीजनल साइंस कांग्रेस 2026 का समापन समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

रीजनल साइंस कांग्रेस का उद्देश्य क्षेत्रीय स्तर पर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शोध की भावना को बढ़ावा देना तथा विज्ञान के प्रति उनकी रुचि को और मजबूत करना था।

कार्यक्रम में पटना क्षेत्र के बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों से आए टॉपर विद्यार्थियों, शिक्षकों, वैज्ञानिकों और शिक्षाविदों ने हिस्सा लिया।

“वैज्ञानिक दृष्टिकोण राष्ट्र निर्माण के लिए जरूरी”

समापन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निरंतर सीखने और समाज के हित में नए प्रयोग एवं नवाचार करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि आज के युग में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों से सवाल पूछने, नई चीजें सीखने और समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान तलाशने की आदत विकसित करने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने रीजनल साइंस कांग्रेस जैसे आयोजनों को विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने और शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

उन्होंने आयोजन से जुड़े शिक्षकों, अधिकारियों और विद्यार्थियों की मेहनत की भी सराहना की।

विज्ञान मॉडल और प्रोजेक्ट रहे आकर्षण का केंद्र

समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत किए गए विज्ञान मॉडल, प्रोजेक्ट और विभिन्न प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया।

इस आयोजन ने विद्यार्थियों को केवल अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर ही नहीं दिया, बल्कि उन्हें दूसरे विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ अपने विचार और अनुभव साझा करने का मंच भी प्रदान किया।

कार्यक्रम में जिला योजना पदाधिकारी रांची कुंदन कुमार, VMC चेयरमैन JNV रांची, विशिष्ट अतिथि इंजीनियर नवल किशोर, GM, NBCC, शहरी विकास मंत्रालय, भारत सरकार, आभास नाथ, सचिव, आयकर, रांची ज़ोन, विशेष अतिथि डॉ. आनंद प्रसाद सिन्हा, असिस्टेंट प्रोफेसर, BIT मेसरा तथा विशेष अतिथि आर. के. चौधरी, असिस्टेंट कमिश्नर, NVS, RO पटना सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसके अलावा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बीआईटी मेसरा के प्राचार्य एनोस केरकेट्टा, JNV दुर्गापुर के प्राचार्य जे. के. महापात्रा, JNV गुमला के प्राचार्य पी. के. शुक्ला तथा JNV वैशाली के प्राचार्य जितेंद्र कुमार समेत आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

पटना क्षेत्र के बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के सभी जवाहर नवोदय विद्यालयों के एक-एक टॉपर छात्र, JNV रांची के शिक्षक एवं विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिला प्रशासन रांची की ओर से शिक्षा के साथ-साथ वैज्ञानिक चेतना, नवाचार और शोध की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करने की बात कही गई।