एशियन गेम्स 2026: मंगलवार को भारत का दिन कैसा रहा? क्रिकेट में गोल्ड, बैडमिंटन-वुशु में पदक पक्का

India in Asian Games: एशियन गेम्स में मंगलवार का दिन भारत के लिए कई मायनों में यादगार रहा।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया और भारत के गोल्ड मेडल का खाता खोला।

इसके अलावा पुरुष बैडमिंटन टीम और वुशु खिलाड़ी रोशिबिना देवी ने भी भारत के लिए पदक पक्का किया।

दिन के अंत तक भारत के खाते में 1 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य मिलाकर कुल 7 पदक हो गए।

क्रिकेट: महिला टीम ने दिलाया पहला गोल्ड

दिन की सबसे बड़ी उपलब्धि महिला क्रिकेट टीम के नाम रही।

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने श्रीलंका को फाइनल में 147 रन से हराकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक जीता।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 69 रनों पर सिमट गई।

हॉकी में श्रीलंका पर 16-1 की बड़ी जीत

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पूल मुकाबले में श्रीलंका को 16-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

भारत की ओर से जुगराज सिंह ने 4 गोल, जबकि अभिषेक और दिलप्रीत सिंह ने 3-3 गोल किए।

भारत ने इससे पहले इंडोनेशिया को 13-1 से हराया था।

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पूल चरण में अपना दबदबा बनाए रखा।

पुरुष बैडमिंटन: जापान को 3-0 से हराकर पदक पक्का

भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने क्वार्टर फाइनल में मेजबान जापान को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी की जोड़ी और आयुष शेट्टी ने भारत को 3 जीत दिलाईं।

सेमीफाइनल में पहुंचते ही भारत का कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो गया।

महिला बैडमिंटन टीम को झटका

इसके विपरीत भारतीय महिला टीम को जापान के हाथों 1-3 से हार का सामना करना पड़ा और टीम पदक की दौड़ से बाहर हो गई।

पीवी सिंधु ने भारत के लिए एक मैच जीता, लेकिन जापान ने बाकी तीन मुकाबले अपने नाम कर लिए।

वुशु: रोशिबिना देवी ने पक्का किया पदक

वुशु में रोशिबिना देवी ने महिलाओं के 60 किग्रा सांडा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में मकाऊ की चू मैन सिन को अंकों के अंतर से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही रोशिबिना ने भारत के लिए एक और पदक सुनिश्चित कर दिया।

यह एशियन गेम्स में उनका लगातार तीसरा पदक भी होगा।

हालांकि पुरुष 56 किग्रा सांडा में भारतीय खिलाड़ी आर्यन को उज्बेकिस्तान के सायदुल्लो अब्दुराशितोव से 1-2 से हार मिली।

वहीं हंजाबम लांगलेंटोम्बी देवी ने नानक्वान-नानदाओ फाइनल में आठवां स्थान हासिल किया।

शूटिंग: पदक से चूकी एलावेनिल-पार्थ की जोड़ी

10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में एलावेनिल वलारिवन और पार्थ माने ने फाइनल में जगह बनाई, लेकिन भारतीय जोड़ी चौथे स्थान पर रही और पदक से चूक गई।

भारत ने मंगलवार से पहले शूटिंग में 4 रजत और 1 कांस्य समेत 5 पदक हासिल किए थे।

मिश्रित टीम में छठा शूटिंग पदक जोड़ने का मौका था, लेकिन भारतीय जोड़ी पोडियम तक नहीं पहुंच सकी।

कबड्डी: दक्षिण कोरिया पर 63-31 की जीत

भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने ग्रुप-ए मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 63-31 से हराया।

भारत ने हाफ टाइम तक 34-14 की बढ़त बना ली थी और दूसरे हाफ में भी दबाव बनाए रखा।

यह टूर्नामेंट में भारत की लगातार दूसरी जीत रही।

बॉक्सिंग: साक्षी और जादुमणि की जीत

महिला 51 किग्रा वर्ग में साक्षी चौधरी ने फिलीपींस की आइरा विलागास को 5-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

पुरुष 55 किग्रा वर्ग में जादुमणि सिंह ने नेपाल के चंद्र बहादुर थापा को 5-0 से हराया।

दोनों भारतीय मुक्केबाजों ने अपने-अपने अभियान की शुरुआत जीत से की।

टेबल टेनिस: दोनों भारतीय टीमों का सफर खत्म

टेबल टेनिस में दिन भारत के लिए निराशाजनक रहा।

पुरुष टीम को राउंड ऑफ 16 में दक्षिण कोरिया के खिलाफ 0-3 से हार मिली।

महिला टीम ने पहले थाईलैंड को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, लेकिन वहां उत्तर कोरिया से 0-3 की हार के साथ भारतीय महिला टीम का भी टीम इवेंट में सफर समाप्त हो गया।

तैराकी: रिले में आठवां स्थान

पुरुष 1500 मीटर फ्रीस्टाइल में आर्यन नेहरा ने फाइनल-बी में आठवां स्थान हासिल किया।

पुरुष 4×100 मीटर मेडले रिले में भारत ने फाइनल में आठवां स्थान हासिल किया।

भारतीय टीम में रोहित बेनेडिक्टन, ऋषभ दास, आकाश मणि और दानुश सुरेश शामिल थे।

जिम्नास्टिक्स: प्रणति नायक फाइनल में

भारतीय जिम्नास्ट प्रणति नायक ने महिलाओं के वॉल्ट क्वालिफिकेशन में सातवां स्थान हासिल कर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।

उन्होंने कुल 12.916 का स्कोर किया।

वॉल्ट फाइनल 24 सितंबर को होगा।

घुड़सवारी में भारतीय टीम बाहर

घुड़सवारी के इवेंटिंग में भारतीय टीम को जंपिंग चरण के बाद बाहर होना पड़ा।

व्यक्तिगत स्पर्धा में आशिश लिमाये छठे, फौआद मिर्जा 24वें और अर्जन नागरा एलिमिनेट हुए।

इससे पहले ड्रेसाज चरण में लिमाये 14वें, नागरा 23वें और मिर्जा 26वें स्थान पर रहे थे।

फेंसिंग: टानिश्का आगे बढ़ीं, लेकिन राउंड ऑफ 16 में हार

महिला एपी में टानिश्का खत्री ने राउंड ऑफ 32 में जीत दर्ज की, लेकिन राउंड ऑफ 16 में दक्षिण कोरिया की सेरा सॉन्ग से 9-15 से हार गईं।

मिटवा चौधरी राउंड ऑफ 32 में 14-15 से हारकर बाहर हुईं।

पुरुष फॉयल में हेमाश सनासम सिंह और सचिन दोनों राउंड ऑफ 32 में 9-15 के समान स्कोर से हार गए।

कराटे: कांस्य से चूके चेतन भट्ट

पुरुष 84 किग्रा कुमिते में चेतन भट्ट सेमीफाइनल में जॉर्डन के मोहम्मद अलजाफरी से 0-8 से हार गए।

कांस्य पदक मुकाबले में भी उन्हें चीनी ताइपे के मेंग-यू चुंग से हार मिली।

महिला 55 किग्रा में अलीशा चौधरी भी प्री-क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गईं।

सॉफ्ट टेनिस और सेपक टकरॉ

सॉफ्ट टेनिस में जय मीणा ने पाकिस्तान के हुसैन अरियन को 4-0 से हराया और बाद में पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

आर्यन ठाकुर ने एक मैच जीता लेकिन दूसरे में हार गए, जबकि महिला वर्ग में आध्या तिवारी ने दिन के अपने मैचों में एक जीत और एक हार दर्ज की।

सेपक टकरॉ के पुरुष टीम रेगु मुकाबले में भारत को मलेशिया से 0-3 की हार मिली।

ई-स्पोर्ट्स: ड्रॉ के बाद वॉकओवर से जीत

ई-फुटबॉल में भारत ने उज्बेकिस्तान के खिलाफ 0-0 ड्रॉ खेला।

इसके बाद मंगोलिया के खिलाफ भारत को वॉकओवर के जरिए जीत मिली।

मंगलवार के बाद भारत की पदक स्थिति

मंगलवार की सबसे बड़ी उपलब्धि महिला क्रिकेट का स्वर्ण रहा।

इसके साथ भारत की पदक संख्या 7 हो गई है…

  • 🥇 1 स्वर्ण
  • 🥈 4 रजत
  • 🥉 2 कांस्य
  • कुल: 7 पदक