Junior Athletics Championship: पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झारखंड के एथलीटों ने पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक अपने नाम किए।
झारखंड के खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश तथा अंडमान एवं निकोबार सहित कुल 13 राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
तीन स्वर्ण से चमका झारखंड
झारखंड के लिए ममता मेरी मुर्मू ने बालिका अंडर-18 की 100 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
वहीं नैना सिंह ने बालिका अंडर-18 की 80 मीटर हर्डल्स में स्वर्ण अपने नाम किया।
सविता मुर्मू ने बालिका अंडर-20 की जेवलिन थ्रो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड के खाते में तीसरा स्वर्ण जोड़ा।
रजत पदक विजेता
झारखंड के एमानुएल किस्कू ने बालक अंडर-16 की 80 मीटर हर्डल्स में रजत पदक हासिल किया।
अंडर-20 मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले में अभिजीत कुजूर, अमन कुमार, जैकलिन खेस और चिंता मनी टूटी की टीम ने रजत पदक जीता।
वहीं गोमा पूर्ति ने बालिका अंडर-18 डिस्कस थ्रो में रजत पदक हासिल किया।
कांस्य पदक भी झारखंड के नाम
बालिका अंडर-20 की 5000 मीटर दौड़ में मनु कुमारी ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-20 मिक्स्ड 4×100 मीटर रिले में शुभम एक्का, निशांत भगत, पुतुल बास्की और सुहानी कुमारी की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया।
बालक अंडर-18 मिडले रिले में रिशु राज, अनित उरांव, विशाल कुमार और प्रिंस कुमार की टीम कांस्य पदक जीतने में सफल रही।
बालिका अंडर-14 ट्रायथलॉन ग्रुप-ए में दिव्या गुप्ता ने कांस्य पदक जीता, जबकि बालक अंडर-18 ऊंची कूद में हिमांशु कुमार सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
खिलाड़ियों को दी गई बधाई
झारखंड के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर राज्य के खेल पदाधिकारियों, झारखंड एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने विजेता एथलीटों को बधाई दी और प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।
झारखंड एथलेटिक्स संघ के सचिव एस.के. पांडे ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के युवा एथलीटों ने प्रतियोगिता के पहले ही दिन अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
प्रतियोगिता में अभी दो दिन के मुकाबले बाकी हैं और झारखंड के खिलाड़ियों से पदकों की संख्या और बढ़ाने की उम्मीद है।
