Jharkhand Wushu Association: रांची के सरला बिरला स्कूल स्थित जी.डी. बिरला सभागार में बुधवार को झारखंड वुशू एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप वर्मा ने की।
बैठक में आगामी सत्र की प्रतियोगिताओं, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, महिला वुशू को बढ़ावा देने, संगठनात्मक व्यवस्था और बायलॉज समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
इस दौरान आगामी सत्र के लिए राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिताओं की तिथियां और आयोजन स्थल तय किए गए।
निर्णय के अनुसार झारखंड राज्य जूनियर वुशू प्रतियोगिता 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को सिल्ली, राज्य सीनियर वुशू प्रतियोगिता 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर 2026 को देवघर तथा राज्य सब-जूनियर वुशू प्रतियोगिता 21 एवं 22 नवंबर 2026 को धनबाद में आयोजित की जाएगी।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित खिलाड़ी और टीमें राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इनमें 23वीं जूनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता, चेन्नई (28 अक्टूबर से 2 नवंबर), 36वीं सीनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता, ईटानगर (9 से 14 नवंबर) और 25वीं सब-जूनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता, भुवनेश्वर (18 से 23 दिसंबर) शामिल हैं।
इसके अलावा खिलाड़ी फेडरेशन कप वुशू प्रतियोगिता, हैदराबाद में भी भाग लेंगे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए प्रतियोगिताओं से पहले विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
अस्मिता वुमन लीग का होगा विस्तार
आम सभा में राज्य के 16 जिलों में चल रही अस्मिता वुमन लीग की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
अब तक सात जिलों में लीग का आयोजन हो चुका है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इसे राज्य के अन्य जिलों तक भी विस्तारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिला खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिल सके।
बायलॉज को मिली मंजूरी
बैठक में नेशनल गवर्नेंस एक्ट तथा वुशू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुरूप तैयार किए गए झारखंड वुशू एसोसिएशन के बायलॉज को अनुमोदित किया गया।
इसके साथ ही जिला स्तर पर बायलॉज के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पिछले सत्र की कार्यवाही का अनुमोदन, ऑडिट रिपोर्ट, आगामी सत्र के बजट और संगठन की भावी गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
डॉ. प्रदीप वर्मा ने खिलाड़ियों के हित को प्राथमिकता बतायी
अपने संबोधन में डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता के लिए कर्तव्य और अधिकार के बीच समन्वय आवश्यक है।
सभी पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करना चाहिए तथा खिलाड़ियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने झारखंड में वुशू को और मजबूत बनाने तथा राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।
बैठक में डॉ. अंशु साहू, मनोज कुमार महतो, उदय साहू, मनोज कुमार साहू, शैलेन्द्र दुबे, गोकुलनंद मिश्रा, अभिषेक कुमार, दीपक दुबे, एम. कादिर, अमरदीप कुमार, संजय जैन, प्रतिमा कुमारी, मृत्युंजय कुमार राय, शशि कुमार, संजय राजभर, प्रदीप महतो, अमूल्य मिश्रा, दिनेश यादव, राजी अहमद, विवेकानंद, चंचल भट्टाचार्य, मिथिलेश साहू, विमला टोप्पो, राजकुमार जैन, रत्नेश कुमार, दीपक गोप, संजय साहू, एल. प्रदीप सिंह, सुमित घोषाल एवं शिवेन्द्र दुबे समेत विभिन्न जिलों के पदाधिकारी और एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।
