Nagar Nikay Chunav 2026: सोमवार को झारखंड में नगर निकाय चुनाव (Municipal Elections) संपन्न हो गया। धनबाद जिले में चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद के लिए लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला प्रशासन के मुताबिक शाम 5 बजे तक धनबाद नगर निगम में 46.98 फीसदी और चिरकुंडा नगर परिषद में 61.4 फीसदी मतदान संपन्न हुआ। हालांकि कुछ मतदान केन्द्रों पर मतदान जारी था।
शांतिपूर्ण मतदान संपन्न
मतदान संपन्न होने के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि धनबाद जिले में बेहद शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ है।
कई मतदान केन्द्रों पर टोकन लेकर वोटर लाइन में लगे रहे इसकी वजह से मतदान का कुल आंक़ड़ा आने में वक्त लगेगा। उपायुक्त ने बताया कि मतदान के दौरान मतगणना स्थल पर कई लेयर Security मौजूद थी।
कंट्रोल रूम से रखी गई पैनी नज़र
आंकड़ा जारी करने तक धनबाद नगर निगम में 4 लाख 22 हज़ार 790 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि चिरकुंडा नगर परिषद में 22,704 मतदाताओं ने मतदान किया।
कुछ मतदान केन्द्रों पर छिटपुट घटना हुई। इन घटनाओं का सेक्टर मजिस्ट्रेट और संबंधित निर्वाची पदाधिकारी के स्तर से ही निराकरण कर दिया गया। चुनाव के दौरान जिला कंट्रोल रूम लगातार सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ संपर्क में रहा।
थ्री लेयर सिक्योरिटी में बैलेट बॉक्स
मतगणना के बारे में निर्वाचन पदाधिकारी (Election Officer) ने बताया कि 27 फरवरी को राजकीय पॉलिटेक्निक में मतगणना होगी। 11 हॉल में धनबाद नगर निगम और 4 हॉल में चिरकुंडा नगर परिषद के लिए मतों की गिनती की जायेगी।
धनबाद के SSP प्रभात कुमार ने बताया कि मतगणना केन्द्र के स्ट्रांग रूम में थ्री लेयर सिक्योरिटी (Three Layer Security) रहेगी। सबसे इनर लेयर में झारखंड आर्म्ड पुलिस की टीम रहेगी। इसके बाद दो लेयर में जिला पुलिस की टीम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा करेगी।
शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए उपायुक्त ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और सभी मतदान पदाधिकारियों के साथ शामिल सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
