T-20 वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबला बारिश से धुला तो कौन बनेगा विजेता, क्या कहते हैं आंकड़े?

T-20 World Cup Final: हर भारतीय को रविवार की शाम 7 बजने का इंतज़ार है। जैसे ही शाम के 7 बजेंगे देश के हर कोने में कर्फ्यू सा माहौल होगा। हर कोई मोबाइल या टेलीविजन से चिपका होगा, क्योंकि आज क्रिकेट में भारत के पास इतिहास रचने का मौका है।

भारत को लगातार दूसरी बार T-20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनाने के लिए हर शख्स दुआ कर रहा है। लेकिन क्या भारत के लिए चैंपियनशिप की राह आसान है।

अगर मैदान पर बारिश हो गयी या किसी भी वजह से मैच रद्द करना पड़ा तो कौन चैंपियन बनेगा। इस सवाल का जवाब जानना भी सभी फैंस के लिए बेहद ज़रूरी है। तो आपको बताते हैं कि अगर किसी भी वजह से मैच रद्द हो जाता है तो क्या होगा।

बारिश या किसी कारण मैच रद्द तो क्या होगा

अहमदाबाद का नरेन्द्र मोदी स्टेडियम सजधज कर तैयार है। बस इंतज़ार है शाम के 7 बजने का। लेकिन अगर बारिश हो जाती है तो क्या होगा।

अगर रविवार को बारिश के कारण मैच नहीं हो पाता है तो रिजर्व डे का नियम लागू हो जायेगा। ऐसे में अगले दिन सोमवार यानी 9 मार्च को फाइनल मुकाबला होगा। हालांकि अंपायर और मैच रेफरी हर हाल में मैच का परिणाम रविवार 8 मार्च को चाहेंगे। इसके लिए निर्धारित ओवर कम करके भी अगर मैच संभव हो तो वो करवाने का प्रयास किया जायेगा।

अगर दोनों दिन बारिश हुई तो?

मैच के दिन (8 मार्च) और रिजर्व डे (9 मार्च) के दिन बारिश होती है और मैच बाधित होता है तो रेफरी और अंपायर के पास विकल्प मौजूद रहेंगे। नियम के मुताबिक ICC टूर्नामेंट के दौरान नॉक आउट मैचों में परिणाम के लिए हर पारी में कम से कम 10 ओवर का खेल ज़रूरी होता है।

अगर दोनों दिन मिलाकर भी दोनों टीमों के बीच 10-10 ओवर का मैच हो जायेगा तो डकवर्थ लुइस नियम के तहत परिणाम घोषित किया जा सकता है।

अगर 10-10 ओवर भी मैच खेल पाने में दोनों टीम सक्षम नहीं होती है। ऐसी परिस्थिति में भारत और न्यूज़ीलैंड दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया जायेगा। वर्ष 2002 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत और श्रीलंका को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया गया था।