Yagna Baba Ashram: रांची के मोरहाबादी में आम्रकुंज स्थित 1008 यज्ञा बाबा आश्रम में एक दिवसीय वार्षिकोत्सव भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर सुबह से ही आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई और पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।
महिलाओं ने पेश की भक्ति की मिसाल
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सामूहिक सुंदरकांड का पाठ रहा, जिसमें 51 महिलाओं ने हिस्सा लिया।
सुंदर कांड समिति की सभी महिला सदस्यों ने इस आयोजन में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई।
पंडित विकास पाण्डेय द्वारा विधिवत संकल्प कराने के बाद महिलाओं ने सस्वर पाठ कर प्रभु हनुमान की आराधना की।
प्राचीन मंदिर और यज्ञा बाबा का समर्पण
मोराबादी का यह प्राचीन मंदिर यज्ञा बाबा की तपोभूमि के रूप में विख्यात है। इसी पावन स्थल पर बाबा ने वर्षों तक कठिन तपस्या की थी और अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा व आध्यात्मिक चेतना जागृत करने में लगा दिया था। आज भी यह आश्रम भक्तों के लिए अगाध श्रद्धा और शांति का केंद्र बना हुआ है।
विशेष आरती और संध्या पूजन
पाठ के उपरांत शाम को आश्रम में भव्य अनुष्ठान का आयोजन हुआ। आश्रम में विराजमान माँ दुर्गा, संकटमोचन हनुमान जी एवं सभी देवी-देवताओं की विशेष पूजा-अर्चना की गई। संध्या बेला में महाआरती हुई, जिसमें उपस्थित भक्तों ने जयकारों के साथ भाग लिया।
प्रमुख जनों की गरिमामयी उपस्थिति
इस धार्मिक समागम में मंदिर के महंत भरतदास जी महाराज, समाजसेवी आशुतोष द्विवेदी, प्रमोद सिंह, हर्ष कुमार, राज कुमार पोद्दार, अजीत कुमार एवं राहुल कुमार दुबे मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
साथ ही कार्यक्रम में इश्मृता शुक्ला, गीता कुमारी, सोनी, सीता सिंह, रश्मि गुप्ता, अनुराधा, मिनी, सिद्धू, अनु पांडेय, आभा पाण्डेय, रंभा सिंह, ममता त्रिपाठी, सुषमा, शोभा, प्रियंका, सरिता उपाध्याय, पूनम सिन्हा, पूजा तिवारी एवं सुधा सिंह सहित कई गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित थे।
समापन और प्रसाद वितरण
उत्सव के अंत में सभी भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया और पाठ में शामिल महिलाओं के लिए विशेष भोज की व्यवस्था की गई।
आश्रम समिति ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
