Cyclothon for Drug free Society: पलामू जिला साइक्लिंग एसोसिएशन द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से शनिवार को “साइक्लोथॉन 2026” का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करते हुए “SAY NO TO DRUGS, YES TO LIFE” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।
इस अवसर पर पलामू के उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर इस साइक्लोथॉन में भाग लिया और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
अतिथियों ने खेलों के प्रति रूचि बढ़ाने पर दिया ज़ोर
अपने संबोधन में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ बनाते हैं, जिससे पढ़ाई में भी बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण के बल पर बड़ी से बड़ी प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर उच्च पदों तक पहुंचने की प्रेरणा दी।
पलामू जिला साइक्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय रंजन सिंह ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे की जगह पढ़ाई, खेल और समाज सेवा को अपनी आदत बनाएं तथा एक स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में योगदान दें।
एसोसिएशन के महासचिव रथिन भद्र ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा जिला में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु एक नए खेल मैदान की व्यवस्था कराने का अनुरोध उपायुक्त महोदय से किया।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण पलामू के उभरते हुए साइक्लिंग खिलाड़ी रिजू बोराल को सम्मानित किया जाना रहा।
उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन एवं उपलब्धियों के लिए उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उन्हें मोमेंटो एवं ट्रैक सूट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान पलामू स्पोर्ट्समेन एसोसिएशन एवं मासूम आर्ट ग्रुप के सहयोग से प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन राजू मुखर्जी के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मनोहर कुमार लाली, सुरेश, राहुल सिंह (प्राचार्य, ब्राइट लैंड स्कूल), सुशील सिन्हा, ललन सिन्हा, नरेन्द्र सिंह, प्रमोद दास रंजन, बृजेश कुमार, राजकुमार गुप्ता, विवेक चौबे, रंजीत चंद्रवंशी, मनीष मिश्रा, प्रसेंजित दास और अजीत पाठक उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह सिद्ध कर दिया कि खेलों के माध्यम से नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
