जाडेजा, बर्गर, जोफ्रा का कमाल, वैभव की आंधी, यशस्वी का धैर्य, चेन्नई सुपर किंग्स पस्त

RR vs CSK

IPL 2026 RR vs CSK: 5 बार की आईपीएल विजेता टीम चेन्नई सुपर किंग्स बेहद कमज़ोर नज़र आ रही है। राजस्थान रॉयल्स के साथ पहले मुकाबले में खेल के हर क्षेत्र में चेन्नई संघर्ष करती नज़र आयी।

सोमवार को खेले गये मुकाबले में राजस्थान ने चेन्नई को करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की टीम जोफ्रा आर्चर और बर्गर के सामने दम तोड़ते नज़र आये। बाकी का काम रवीन्द्र जाडेजा ने पूरा कर दिया।

19.4 ओवर में चेन्नई की पूरी टीम महज़ 127 रनों पर ऑल आउट हो गयी। राजस्थान ने 12.1 ओवर में ही जीत का लक्ष्य 2 विकेट खोकर प्राप्त कर लिया।

वैभव की आंधी, यशस्वी का धैर्य

युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 गेंदों पर अर्धशतक ठोंक चेन्नई के गेंदबाजों को पस्त कर दिया।. फिर यशस्वी जायसवाल के धैर्य ने राजस्थान को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया।

वैभव ने 17 गेंदों पर 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 52 रन बनाये। यशस्वी ने 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 36 गेंदों पर 38 रनों की नाबाद पारी खेली।

पहला विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी करने आये विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 9 गेंदों पर 4 चौके की मदद से 18 रन बनाये। उनके आउट होने के बाद कप्तान रियान पराग उतरे। रियान ने 11 गेंदों पर 14 रन बनाये और जीत दिलाकर वापस लौटे।

चेन्नई की तरफ से एकमात्र सफल गेंदबाज अंशुल कंबोज रहे। राजस्थान के दोनों विकेट कंबोज के खाते में आये।

ताश के पत्तों की तरह बिखरा CSK

इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की टीम संघर्ष करती नज़र आयी। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और रितुराज 6-6 रन बनाकर पैवेलियन लौट गये। चेन्नई ने 8 ओवर में ही 57 रनों पर छह विकेट गंवा दिये थे।

आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे जेमी ओवर्टन ने चेन्नई की लाज बचायी। ओवर्टन ने 36 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 43 रनों की पारी खेली।

जोफ्रा आर्चन, नांद्रे बर्गर और रवीन्द्र जाडेजा ने 2-2 विकेट झटके, जबकि रवि बिश्नोई, ब्रिजेश शर्मा और संदीप शर्मा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।