झारखंड की महिला फुटबॉल टीम ने सिक्किम को धोया, 11-0 से शानदार जीत दर्ज की

Jharkhand-Football-Team.

Jharkhand Women’s Football Team: प्रथम खेलो इंडिया जनजातीय खेल (Tribal Games) में महिला फुटबॉल टीम ने पहले लीग मैच में सिक्किम को 11- 0 से धोया। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में यह प्रतियोगिता आयोजित की गयी है।

प्रतियोगिता के पहले दिन झारखंड की महिला फुटबॉल टीम ने अपने पहले ही लीग मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिक्किम को 11-0 के बड़े अंतर से पराजित कर अपनी ताकत का लोहा मनवाया।

मैच की शुरुआत से ही झारखंड की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और शुरुआती मिनटों में ही बढ़त बना ली। टीम की ओर से पहला गोल 9वें मिनट में सबरनी कुमारी ने किया। इसके तुरंत बाद 10वें मिनट में काजल कुमारी ने दूसरा गोल कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

इसके बाद 39वें मिनट में एलिजाबेथ एक्का ने तीसरा गोल दागा। चौथा गोल अनीता डुंगडुंग ने किया, जबकि पांचवां गोल अलिना किस्कू के नाम रहा। अनीता डुंगडुंग ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए छठा गोल भी किया।

दूसरे हाफ में भी झारखंड का दबदबा कायम रहा। बीना कुमारी ने सातवां गोल किया, जबकि शाउलिना डांग ने आठवां गोल दागा। अनीता डुंगडुंग ने अपना हैट्रिक पूरा करते हुए नौवां गोल किया। इसके बाद सबरनी कुमारी ने दसवां और एलिजाबेथ एक्का ने 11वां गोल कर टीम की जीत को ऐतिहासिक बना दिया।

इस शानदार जीत में कोच बीना केरकेट्टा एवं नूपुर टोप्पो का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और अनुशासन का प्रदर्शन किया। वहीं टीम मैनेजर अजय सुभाष तिर्की ने टीम प्रबंधन को सुचारू रूप से संचालित करते हुए खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा बनाए रखा।

झारखंड टीम की इस प्रभावशाली जीत से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और टीम आगामी मुकाबलों में भी इसी लय को बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

विजेता महिला फुटबॉल टीम को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम, उपनिदेशक राजेश कुमार, साझा के मणिकांत, देवेंद्र सिंह, नोडल पदाधिकारी उमेश लोहरा समेत राज्य के खेल प्रेमियों ने बधाई दी है।