IPL 2026: क्रिकेट का महाकुंभ IPL शुरू हो चुका है। देशभर में क्रिकेट फैंस के बीच उत्साह चरम पर है। इस बार का IPL का 19वां संस्करण बेहद खास है। 19 साल के IPL के इतिहास में ये पहली बार है कि सभी 10 टीमें भारतीय कप्तान के नेतृत्व में उतरी हैं।
साथ ही एक खास बात यह भी है कि इस बार झारखंड के लिए यह आईपीएल बेहद खास है। क्योंकि झारखंड के सबसे ज़्यादा खिलाड़ी इस बार IPL में शिरकत कर रहे हैं।
इस बार के IPL में झारखंड के 7 खिलाड़ी विभिन्न टीमों के साथ जुड़े हैं। झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने के फायदा मिला और इस टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आईपीएल में खेलने का मौका मिल रहा है।
स्पिन गेंदबाज अमित कुमार
अमित कुमार को सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने खरीदा है। इस टीम के कप्तान ईशान किशन हैं।
अमित रांची के रहने वाले हैं। वे अपनी फिरकी गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। यह उनका पहला आईपीएल का सीजन है।
विकेटकीपर बल्लेबाज रॉबिन मिंज
रॉबिन मिंज को मुंबई इंडियंस ने खरीदा है। वे विकेटकीपर और बायें हाथ के बल्लेबाज हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।
ऑलराउंडर अनुकूल रॉय
अनुकूल रॉय को कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीदा है। वे बायें हाथ के स्पिन गेंदबाज और बल्लेबाज हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए 303 रन बनाये और गेंदबाजी में 18 विकेट झटके।
बल्लेबाज कुमार कुशाग्र
कुमार कुशाग्र को गुजरात टाइटंस ने खरीदा है। ये आईपीएल में उनका दूसरा सीजन है। घरेलू क्रिकेट में कुशाग्र का प्रदर्शन शानदार रहा है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने 161 की स्ट्राइक रेट से 422 रन बनाए।
बायें हाथ के तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा
सुशांत मिश्रा को राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा है। सुशांत बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, बाउंसर के लिए जाने जाते हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने 22 विकेट लिए थे।
विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन
ईशान किशन ने झारखंड को अपनी कप्तानी में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी दिलाई। इसके अलावा टी-20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत में ईशान की शानदार और आक्रामक बल्लेबाजी का बड़ा योगदान रहा। ईशान इस बार सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी संभाल रहे हैं।
इनके अलावा महेन्द्र सिंह धौनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे हैं। बहरहाल झारखंड के युवा खिलाड़ियों के सामने खुद को बेहतर साबित करने का ये बड़ा अवसर है।
