राष्ट्रीय सब जूनियर महिला एवं पुरूष हॉकी प्रतियोगिता, झारखंड ने की शानदार शुरूआत

Men and Women Hockey Championship: राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के छठे दिन 7 मुकाबले संपन्न हुए। रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में  आयोजित चैंपियनशिप में B डिवीजन के 3 और A डिवीजन के 4 मैच खेले गए।

दिलचस्प रहा पहला मुकाबला

पहले मैच में दादरा & नागर हवेली और दमन & द्वीप टीम ने हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु को 1-0 से पराजित कर दिया। विजेता टीम की ओर से अनुष्का गुप्ता ने 1 गोल किया।

चंडीगढ़ की हिमाचल पर जीत

दूसरे मैच में चंडीगढ़ ने हिमाचल प्रदेश को 4-1 गोल के अंतर से पराजित कर दिया। विजेता टीम की अन्नु ने 3 और राधा रानी ने 1 गोल किये जबकि हिमाचल की ओर से खुशविंदर गिल ने 1 गोल किया।

कर्नाटक ने गुजरात को हराया

तीसरे मैच में कर्नाटक ने गुजरात को 6-1 से पराजित किया। कर्नाटक की ओर से केपी सींचना ने 2, एमएम तानिया, कुसुमंजली एसएम, बासम्मा शिवाप्पा हगेन्नॉयर और प्रीति नीलारद्दी ने 1-1 गोल दागा। वहीं गुजरात की ओर से पवातीबेन गमर ने 1 गोल किया।

मिजोरम की छत्तीसगढ़ पर जीत

दिन के चौथे मैच में मिजोरम ने छत्तीसगढ़ को 2-1 से पराजित कर दिया। विजेता टीम की ओर से वनलालपेकी ने 2 गोल और छत्तीसगढ़ की मनप्रीत कौर ने 1 गोल दागा।

हरियाणा ने मणिपुर को हराया

पांचवे मैच में हरियाणा ने मणिपुर को 4-2 से पराजित कर दिया। हरियाणा की ओर से राधिका, दिया, विशाखा और अंकिता ने 1-1 गोल किया। मणिपुर की रीनू तिंगब्रम देवी और मोइरांघम प्रिंजला देवी ने 1-1 गोल दागा।

ओडिशा ने आंध्रप्रदेश को हराया

छठे मैच में ओडिशा ने आंध्रप्रदेश को 4-0 से पराजित किया। ओडिशा की ओर से अर्चना कुजूर ने 2 गोल और स्वीटी कुजूर के साथ प्रिंसेस प्रिया एक्का ने 1-1 गोल किया।

झारखंड ने महाराष्ट्र को रौंदा

सोमवार को खेले गये सातवें और आखिरी मुकाबले में मेजबान झारखंड ने महाराष्ट्र को 6-0 से रौंद डाला।

झारखंड की ओर से संदीपा कुमारी, सानिया तिर्की, सुष्मिता गुड़िया, पुष्पा मांझी, श्रुति कुमारी और प्रीति बिलुंग ने 1-1 गोल दागा।

मंगलवार को झारखंड का दूसरा मैच बिहार के साथ है।

पुरूष हॉकी में झारखंड जीता

बिहार के राजगीर में चल रहे 16वें राष्ट्रीय सब जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड पुरुष हॉकी टीम ने हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु की टीम को 8-1 के बड़े अंतर से पराजित कर दूसरी जीत दर्ज की।

इस मैच में झारखंड के जयसन कंडुलना ने 2 गोल और आशीष तानी पूर्ति, करण कुमार, संजीत भेंगरा, सुनील भेंगरा, सुखु गुड़िया और अर्पण पन्ना ने 1-1 गोल दागा।