National Sub Junior Women’s Hockey Championship: रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 1 अप्रैल से 16वीं राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप खेला जा रहा है।
इस प्रतियोगिता में शुक्रवार को चार मैच खेले गये। जिसमें जम्मू-कश्मीर, गोवा, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु ने जीत दर्ज की।
जम्मू-कश्मीर ने राजस्थान को रौंदा
पहले मैच में जम्मू-कश्मीर ने एकतरफा मुकाबले में राजस्थान को 14-0 से रौंदकर मैच अपने नाम किया। इसी के साथ जम्मू-कश्मीर की टीम C डिवीजन में अपने पूल में टॉप पर रही।
इस मैच में जम्मू की ओर से कोमल ने 3 गोल, आकांक्षा, अवनी, संजना, मौकी और अक्षरा दत्ता ने 2-2 गोल किये। वहीं बन्दे हैक ने 1 गोल दागा।
गोवा ने केरल को हराया
दूसरे मैच में गोवा ने केरल को 2-0 से पराजित किया। इस जीत के साथ ही गोवा की टीम अपने पूल में टॉप पर रही। इस मैच में पेनल्टी कॉर्नर में गोल करने में माहिर गोवा की बेरतीला केरकेट्टा ने जबरदस्त ऑल राउंडर प्रदर्शन करते अपने टीम की ओर एक गोल जबकि भूमिका भीमा के हाथों दूसरे गोल ने विजय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिमाचल ने गुजरात को रौंदा
तीसरे मैच में हिमाचल प्रदेश ने गुजरात को 11-0 के बड़े गोल स्कोर से रौंदकर शानदार जीत दर्ज की। इस मैच हिमाचल प्रदेश की ओर से आयुषी ने शानदार 4 गोल, शानवी शर्मा और अर्चना कुमारी ने 2-2 गोल दागे। इसके अलावा रिया, सुमन देवी और एकमप्रीत कौर ने 1-1 गोल किया।

हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु की शानदार जीत
शुक्रवार को खेले गये चौथे मैच में हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु ने दिल्ली को शानदार तरीके से हराया। हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु ने दिल्ली को 2-0 गोल के अंतर से पराजित कर पहली जीत दर्ज की। इस मैच ने हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु टीम की कप्तान एसएस कनिष्का ने और जी. स्वाति ने 1-1 गोल दागकर टीम को 2-0 से विजय दिलाई।


