Villains behind Team India’s loss: आयरलैंड के खिलाफ भारत की करारी हार ने कई सवाल खड़े कर दिये हैं।
इस वक्त टीम इंडिया टी-20 की विश्व चैंपियन है।
ऐसे में आयरलैंड जैसी कमज़ोर टीम के खिलाफ बुरी हार ने टीम चयन और खिलाड़ियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिये हैं।
183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते-करते महज 148 रनों पर ऑल आउट हो जाना क्रिकेट फैंस के लिए चिंता का सबब बन गया है।
टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने के बाद पहली बार टीम इंडिया टी-20 मुकाबला खेलने मैदान में उतरी।
मुकाबला भी अपेक्षाकृत कमज़ोर टीम आयरलैंड से था।
टीम इंडिया की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में दी गयी और टीम में कई ऐसे धाकड़ खिलाड़ी मौजूद हैं जिन्होंने आईपीएल में शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
ऐसे में उम्मीद थी कि विश्व कप के बाद टीम इंडिया का सफर धमाकेदार होगा।
लेकिन क्रिकेट फैंस के साथ तमान क्रिकेट पंडितों का यह आंकलन गलत साबित हो गया।
क्यों हारी टीम इंडिया और कौन रहे हार के विलेन?
वाशिंगटन सुंदरः मैच में ऑल राउंडर की भूमिका में वाशिंगटन सुंदर को जगह मिली।
आईपीएल में बेहतरीन फॉर्म में रहे सुंदर ने 1 ओवर में 19 रन खर्च कर दिये।
वहीं बल्लेबाजी में 12 गेंद खेलकर सिर्फ 9 रन ही बना सके।
संजू सैमसनः राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी छोड़ संजू सैमसन इस बार आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े।
इस दौरान संजू का फॉर्म शानदार रहा। सिर्फ विकेटकीपिंग ही नहीं बल्कि बल्ले से भी वो कमाल करते रहे।
लेकिन आयरलैंड के खिलाफ संजू सैमसन महज 5 रन बनाकर आउट हो गये।
ईशान किशनः झारखंड का यह खिलाड़ी अपने सबसे बेहतरीन फॉर्म में चल रहा है।
आईपीएल में भी इस खिलाड़ी ने गेंदबाजों की पिटायी करते हुए गदर मचाया।
अभिषेक शर्मा के साथ उन्होंने कई अच्छी साझेदारियां भी की।
ऐसे में सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन का विकेट गिरने के बाद अभिषेक के साथ मिलकर वो भारत को मैच जितवा सकते थे।
लेकिन सिर्फ 1 रन पर वो बेहद ही गैर जिम्मेदाराना शॉट खेकर आउट हो गये।
तिलक वर्माः भारत-ए की कप्तानी करते हुए ट्राई नेशन सीरीज जीतकर श्रीलंका से लौटे तिलक वर्मा को टीम इंडिया की टी-20 टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
पांचवे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे तिलक वर्मा से टीम को काफी उम्मीदें थी लेकिन वो 21 गेंदों पर 19 रन बनाकर रिवर्स स्वीप खेलने के चक्कर में आउट हुए।
प्रसिद्ध कृष्णाः वाशिंगटन सुंदर के 1 ओवर में 19 रन को छोड़ दिया जाये तो इस मैच में भारत के सभी गेंदबाज किफायती रहे।
आयरलैंड के लिए बड़ा स्कोर खड़ा करना मुश्किल होता दिख रहा था।
लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदबाजी आयरलैंड के लिए वरदान साबित हुई और उनके 4 ओवर में 57 रन कूट दिये गये।
कृष्णा ने अपने स्पेल के 1 ओवर में 27 रन खर्च कर दिये थे।
हार के साथ ही टीम इंडिया ने कई अनचाहे रिकॉर्ड बनाये
आयरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया की ये पहली हार थी।
इससे पहले दोनों टीमों के बीच 11 मैच खेले गये थे और उन सभी मैचों में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की थी।
टी-20 विश्व चैंपियन बनने के बाद पहला मैच हारने का रिकॉर्ड दूसरी बार बनाया।
वर्ष 2024 में भी खिताब जीतने के बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ पहला मुकाबला टीम इंडिया हार गयी थी।
तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा लगातार दो टी-20 इंटरनेशनल मैचों में सबसे ज़्यादा रन देने वाले खिलाड़ी बन गये।
कृष्णा ने पिछले मैच में 68 रन खर्च किये थे वहीं इस मैच में 57 रन खर्च किये।
दो मैचों में ही उन्होंने 125 रन खर्च कर दिये।
श्रेयस अय्यरः पहली बार टीम इंडिया की कप्तानी करने वाले श्रेयस अय्यर से क्रिकेट फैंस को काफी उम्मीदें हैं।
श्रेयस के पास भी खुद को बेहतर साबित करने का मौका है।
लेकिन पहले मुकाबले में ही उनकी टीम की हार हुई।
प्रसिद्ध कृष्णा की खराब गेंदबाजी के बावजूद उनसे लगातार गेंदबाजी करना उनकी बड़ी गलती रही।
वहीं बल्लेबाजी में 7 गेंदों का सामना कर उन्होंने सिर्फ 3 रन बनाये।
श्रेयस अय्यर पहला टी-20 इंटरनेशनल मैच हारने वाले चौथे भारतीय कप्तान बन गये।
उनसे पहले शुभमन गिल, विराट कोहली और ऋषभ पंत इस श्रेणी में शामिल हैं।
