फिलिपींस जायेंगे झारखंड के 3 साइकिलिस्ट, एशियाई चैंपियनशिप में लेंगे भाग

Asian Track Championship: झारखंड राज्य के तीन प्रतिभाशाली साइकिलिंग खिलाड़ियों को चयन भारतीय टीम में किया गया है। ये सभी खिलाड़ी आगामी एशियाई ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे।

एशिया ट्रैक चैंपियनशिप 26 मार्च से 31 मार्च 2026 तक फिलीपींस में आयोजित होने जा रहा है। इसमें एशिया के कई देशों के शीर्ष खिलाड़ी भाग लेंगे।

भारतीय टीम में चयनित झारखंड के सभी खिलाड़ी साइकिलिंग के उभरते हुए सितारे हैं और पूर्व में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक जीत चुके हैं।

इन खिलाड़ियों ने अपने निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो झारखंड राज्य के खेल जगत के लिए प्रेरणादायक है।

झारखंड से चयनित खिलाड़ियों के नाम सरिता कुमारी, निकिता सोरेन और विकास उरांव है।

इन खिलाड़ियों के चयन से न केवल झारखंड साइकिलिंग को नई पहचान मिली है, बल्कि राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी यह एक प्रेरणा का स्रोत बना है।

खेल संघ का मानना है कि यदि इन खिलाड़ियों को निरंतर प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाए, तो वे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

झारखंड से इन खिलाड़ियों का ट्रैक एशियन  चैंपियनशिप जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर चयन होना राज्य के खेल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। चयनित खिलाड़ियों को राजमहल लोकसभा के सांसद विजय हसदा, झारखंड साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष डॉ. मधुकांत पाठक, झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक, झारखंड साइकिलिंग संघ के कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह तथा सभी जिला संघ के अध्यक्ष एवं सचिव ने  शुभकामनाएं देते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।