India Vs England Semifinal: एक तरफ सारा देश होली के रंग और गुलाल की खुमारी में डूबा हुआ है। वहीं दूसरी तरफ क्रिकेट फैंस वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले को लेकर उत्साहित हैं। T-20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत की भिड़ंत इंग्लैंड से होगी। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है।
भारत को क्यों चाहिये किस्मत का साथ
मुंबई वैसे तो भारत के हमेशा से अच्छा रहा है। लेकिन सुपर-8 के आखिरी मुकाबले (India Vs West Indies) की तरह यहां भी भारत को किस्मत का साथ ज़रूर चाहिये।
कहा भी जाता है कि भारत की राजनीति और मुंबई का मौसम कब बदल जाये पता नहीं चलता। ऐसे में यह सवाल बेहद महत्वपूर्ण है कि अगर 5 मार्च को मैच के दिन बारिश हो जाती है तो फिर क्या होगा।
वर्ल्ड कप के लिए नॉक आउट मुकाबलों में रिजर्व डे की व्यवस्था की गयी है। दोनों सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के लिए एक रिजर्व डे रखा गया है। अगर बारिश से 5 मार्च का मुकाबला पूरा नहीं हो पाता है तो वह मुकाबला अगले दिन भी जारी रहेगा।
अगर 5 मार्च को लगातार बारिश होती है और तो भी यह पूरा मुकाबला अगले दिन यानी 6 मार्च को खेला जायेगा।
लेकिन अब सवाल है कि अगर दोनों दिन (5-6 मार्च) इतनी बारिश हो जाती है कि मैच पूरी नहीं हो पाये ऐसे में सेमीफाइनल का परिणाम क्या होगा।
बेहतर रिकॉर्ड बनेगा अड़चन
अगर बारिश की वजह से दोनों दिन का खेल नहीं हो पाता है और एक भी गेंद नहीं फेंकी जाती है तो सुपर-8 में बेहतर प्रदर्शन वाली टीम फाइनल में चली जायेगी।
सुपर-8 में इंग्लैंड का रिकॉर्ड भारत से काफी बेहतर है। भारत ने दो मैच जीते और एक मैच में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं इंग्लैंड ने अपने तीनों मुकाबले जीते थे। ऐसे में फाइनल का टिकट इंग्लैंड को मिल जायेगा और टीम इंडिया के लिए सफर यहीं पर खत्म हो जायेगा।
टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 29 टी-20 मुकाबले हो चुके हैं। इनमें से भारत ने 17 मैच जबकि इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं। वर्ल्ड कप में भी दोनों टीमों के बीच अजब-गज़ब सा नाता है। 2022 के टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में भारत को हराया था।
पलटवार करते हुए 2024 के टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने इंग्लैंड को सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
अब देखना है कि तीसरी बार T-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में बाजी कौन मारता है।
