मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच भिड़ंत आज, 5 बार की चैंपियन मुंबई आखिरी पायदान से उपर आने के लिए बेताब

Mumbai Indians Vs Gujarat Titans: आईपीएल में आज एक रोमांचक मुकाबला देखने की उम्मीद है। गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।

इस आईपीएल में दोनों टीमों का प्रदर्शन अब तक कुछ खास नहीं रहा है।

दोनों टीमों ने इस आईपीएल में 5-5 मुकाबले खेले हैं। इनमें गुजरात को 3 में जीत मिली है, जबकि मुंबई को 4 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है।

दोनों टीमों के बीच मुकाबलों का हाल

आईपीएल मे हेड टू हेड मुकाबलों में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच 8 बार भिड़ंत हो चुकी है।

इसमें गुजरात टाइटंस का पलड़ा भारी रहा है। गुजरात में 8 में 5 मुकाबलों में बाजी मारी है, जबकि मुंबई इंडियंस ने 3 मैचों को अपने नाम किया है।

अंक तालिका में इस समय गुजरात टाइटंस छठे नंबर पर है जबकि मुंबई इंडियंस आखिरी नंबर पर बना हुआ है।

मुंबई इंडियंस में बदलाव की संभावना

मुंबई इंडियंस में रोहित शर्मा चोट के कारण आखिरी मुकाबला नहीं खेल पाये थे। उम्मीद है कि आज के मैच से उनकी वापसी होगी। उनके स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के खौफनाक विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने पारी की शुरूआत की थी।

इस सीजन के अपने पहले ही मुकाबले में डीकॉक ने तूफानी शतक जड़ा था।

ऐसे में अगर रोहित शर्मा की वापसी होती है तो रियान रिकल्टन को डग आउट मे बैठना पड़ेगा।

डीकॉक एक विकेटकीपर भी हैं इसलिए रिकल्टन के बाहर बैठने से भी विकेटकीपिंग की समस्या नहीं होगी।

दूसरी तरफ गेंदबाजी में इस बार ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह और शार्दुल ठाकुर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाये हैं।

ऐसे में युवा खिलाड़ियों में बायें हाथ के तेज गेंदबाजों में एक अश्विनी कुमार या सलाहुद्दीन इजहार को मौका मिल सकता है।

तिलक वर्मा के संतोषजनक प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण झारखंड के आक्रामक बल्लेबाज रोबिन मिंज या आलराउंडर विल जैक्स को जगह मिल सकती है।

गुजरात टाइटंस की टीम में बदलाव की संभावना कम

गुजरात टाइटंस ने पिछला मैच बड़े शानदार तरीके से जीता था। साईं सुदर्शन और शुभमन गिल टीम को अच्छी शुरूआत दे रहे हैं।

मिडिल आर्डर में थोड़ी समस्या ज़रूर है लेकिन जोस बटलर, वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स और राहुल तेवतिया गेंदबाजों को परेशान करने का माद्दा रखते हैं।

प्रसिद्ध कृष्णा की अगुवाई में कागिसो रबाडा, अशोक शर्मा और मोहम्मद सिराज अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।

वहीं राशिद खान की फिरकी में बल्लेबाज उलझते नज़र आ रहे हैं।