Archery Academy in Ranchi: रांची के आइडियल इंटरनेशनल स्कूल और कार्तिक उरांव आर्चरी ट्रेनिंग सेंटर के संयुक्त प्रयास से आइडियल आर्चरी अकादमी का उद्घाटन हुआ।
विद्यालय परिसर में खुले इस अकादमी के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शिक्षा विभाग की अपर सचिव सीता पुष्पा मौजूद थीं।
उच्चस्तरीय तीरंदाजी के गुर सीखेंगे खिलाड़ी
उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग है और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि तीरंदाजी झारखंड की समृद्ध खेल विरासत का प्रतीक है और इस प्रकार की पहल राज्य की युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करेगी।
विद्यालय के निदेशक डॉ. सुबूल आलम ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलों को बढ़ावा देना संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अकादमी विद्यार्थियों को खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
विद्यालय की प्राचार्या मंजू बग्गा अरोड़ा ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण एवं नियमित अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्तिक उरांव आर्चरी ट्रेनिंग सेंटर के अध्यक्ष रंजीत तिर्की ने कहा कि अकादमी की स्थापना का उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों को उच्चस्तरीय तीरंदाजी प्रशिक्षण उपलब्ध कराना तथा उन्हें जिला, राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि यह पहल खेल प्रतिभाओं के सुनहरे भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
केंद्र की सचिव ज्योति खलखो ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए अकादमी की भावी योजनाओं की जानकारी दी तथा सहयोग के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में विद्यालय परिवार, अभिभावकगण, खेल प्रेमी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने तथा नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
