ODI विश्व कप के लिए 8 टीमों ने जगह की पक्की, 2 बार की चैंपियन पर मंडराया बाहर होने का खतरा

World Cup 2027 Qualification: आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 की तैयारियां तेज हो चुकी हैं और टूर्नामेंट के लिए आठ टीमों ने अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है।

इस बीच सबसे बड़ी चर्चा दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज को लेकर है, जिसका सीधे विश्व कप में जगह बनाना मुश्किल नजर आ रहा है।

अगर टीम समय रहते अपने प्रदर्शन में सुधार नहीं करती, तो उसे क्वालिफायर के कठिन रास्ते से गुजरना पड़ सकता है।

8 टीमों की सीधी इंट्री लगभग तय

2027 का वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा।

टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी।

मेजबान देशों को सीधी एंट्री मिलने के साथ-साथ आईसीसी वनडे रैंकिंग के आधार पर शीर्ष टीमों को भी सीधे प्रवेश मिलेगा।

फिलहाल भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश जैसी टीमें अपनी मजबूत रैंकिंग और लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर विश्व कप की दौड़ में आगे हैं।

इन टीमों ने पिछले कुछ वर्षों में वनडे क्रिकेट में निरंतरता दिखाई है, जिससे उनकी सीधी एंट्री लगभग तय मानी जा रही है।

2 बार की चैंपियन पर बाहर होने का खतरा

इधर  वेस्टइंडीज की स्थिति चिंता बढ़ाने वाली है।

क्रिकेट इतिहास की सबसे सफल टीमों में शामिल वेस्टइंडीज 1975 और 1979 में पहले दो विश्व कप जीत चुकी है।

लेकिन पिछले कुछ वर्षों में टीम का प्रदर्शन लगातार गिरा है।

2023 वनडे विश्व कप के लिए भी वेस्टइंडीज क्वालिफाई नहीं कर पाई थी, जो उसके इतिहास का सबसे बड़ा झटका माना गया।

अब 2027 विश्व कप से पहले भी टीम पर वही खतरा मंडरा रहा है।

अगर आईसीसी वनडे रैंकिंग में वह समय रहते सुधार नहीं कर पाती, तो उसे फिर क्वालिफायर खेलना होगा, जहां जरा-सी चूक विश्व कप का सपना तोड़ सकती है।

ऐसा नहीं है कि वेस्टइंडीज के पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है, लेकिन टीम में निरंतरता और स्थिरता का अभाव साफ दिखाई देता है।

सीमित ओवरों के कई खिलाड़ी दुनिया भर की टी20 लीगों में व्यस्त रहते हैं, जिससे वनडे टीम का संतुलन प्रभावित होता है।