आगामी त्यौहारों को लेकर जिला प्रशासन तैयार, शांति समितियों के साथ बैठक, अधिकारियों को डीसी का निर्देश

Ranchi District Administration gears up for upcoming festivals: आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को लेकर रविवार को रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में केन्द्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

रांची समाहरणालय में आयोजित बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (यातायात), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं बुण्डू, उपसमाहर्ता भूमि सुधार, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता सहित संबंधित पुलिस-प्रशासनिक पदाधिकारी एवं महावीर मण्डल, केन्द्रीय सरना समिति, रामनवमी श्रृंगार समिति, रांची चैती दुर्गा पूजा समिति, सेंट्रल मोहर्रम कमिटी, अंजुमन इस्लामिया, गुरुनानक समिति और पंजाबी हिंदू बिरादरी के लोग शामिल हुए।

इसके अलावा अन्य सभी रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व आयोजन समितियों  के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

शांति समिति के सदस्यों के सुझाव

बैठक में केन्द्रीय शांति समिति के सदस्यों ने बारी-बारी से अपने सुझाव रखे। सदस्यों ने पर्व के दौरान सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी, आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई, साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था, बिजली-पानी की निर्बाध आपूर्ति तथा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिये।

समिति के सदस्यों ने विशेष रूप से पर्व के दौरान पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

सुझावों पर जिला प्रशासन देगा ध्यान

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिये गये सभी सुझावों पर जिला प्रशासन गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी रांची में सभी पर्व-त्योहार शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए हैं, जिसमें केन्द्रीय शांति समिति, महावीर मण्डल, केन्द्रीय सरना समिति, रामनवमी श्रृंगार समिति, राँची चैती दुर्गा पूजा समिति, सेंट्रल मोहर्रम कमिटी, अंजुमन इस्लामिया, गुरुनानक समिति अन्य सभी रामनवमी, ईद, सरहुल पर्व आयोजन समितियों एवं अखाड़ा समिति के सदस्यों का सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग, समन्वय और सामूहिक प्रयास से आगामी त्योहार भी शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होंगे।

पर्व के दौरान सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम: एसएसपी

बैठक के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि आगामी पर्वों को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने शांति समिति, पूजा समिति एवं अखाड़ा समिति के सदस्यों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सतर्कता के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी मैदान स्तर पर सक्रिय रहकर कार्य करें, ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। उन्होंने आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करने से नहीं चूकेगी।

अधिकारियों को दिशा निर्देश

शांति समिति से बैठक के बाद उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक (यातायात), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी और संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में उपायुक्त ने आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की और सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी का निर्देश

सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जिले के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। उपायुक्त ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए तथा सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखें।

जुलूस मार्ग एवं आयोजन स्थलों की निगरानी

बैठक में निर्देश दिया गया कि रामनवमी जुलूस मार्ग, सरना स्थलों तथा ईद की नमाज के प्रमुख स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित पदाधिकारी आयोजन समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाओं का समय पर निरीक्षण करेंगे, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

सीसीटीवी, ड्रोन एवं तकनीकी निगरानी

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रमुख चौक-चौराहों, जुलूस मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरा एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी की प्रभावी व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखते हुए सभी सूचनाओं की त्वरित निगरानी एवं समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।

सोशल मीडिया पर विशेष नजर

बैठक में सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट के माध्यम से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित टीमों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया।

सफाई, बिजली-पानी एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि पर्व के दौरान सभी प्रमुख स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नगर निगम, बिजली विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।