IPL 2026 CHENNAI SUPER KINGS: 5 बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के लिए आईपीएल में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा।
लगातार तीसरा मुकाबला हारकर इस टीम ने जता दिया उसकी तैयारी मुकम्मल नहीं थी।
अगर टीम का ऐसा ही प्रदर्शन चलता रहा तो 2-3 मुकाबलों के बाद अंक तालिका में नीचे से टॉप पर न रहे, इसकी लड़ाई लड़नी होगी।
दो मैच हाने के बाद उम्मीद थी कि चेन्नई की टीम बेंगलुरू के खिलाफ मुकाबले में वापसी करेगी। लेकिन टीम यहां भी टांय-टांय फिस्स हो गयी।
इस मुकाबले को जीत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम अंक तालिका में उपर से नंबर 1 पर पहुंच गयी है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स इस हार के साथ नीचे से नंबर 1 पर मौजूद हो गयी है।
एक समय ऐसा था जब चेन्नई की टीम से मुकाबले को लेकर ही विपक्षी टीम में डर रहता था। लेकिन अब इस टीम का बीते 2-3 सीज़न से बुरा हाल है।
5 बार की चैंपियन टीम के इस हाल का जिम्मेदार कौन है, ये सवाल सभी के जेहन में उठने लगे हैं।
सवाल यह भी उठ रहे कि क्या अब प्ले ऑफ में टीम क्वालीफाई कर पायेगी या नहीं।
बेंगलुरू के खिलाफ मैच में चेन्नई की गेंदबाजों ने शर्मनाक प्रदर्शन किया। वहीं बल्लेबाजों ने निराश करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।
251 रनों का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स के टॉप ऑर्डर का फ्लॉप शो जारी है।
सलामी बल्लेबाजी संजू सैमसन और रितुराज गायकवाड़ का बल्ला चल नहीं रहा है।
वो तो भला हो सरफराज खान, प्रशांत वीर और जेमी ओवर्टन का जिन्होंने किसी तरह स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। वरना नियमित बल्लेबाजों के हथियार डाल देने के बाद ये हार बहुत बड़ी हो सकती थी।
हार का विलेन कौन ?
रितुराज गायकवाड़ की कप्तानी और उनके खराब फैसले चेन्नई के प्रदर्शन का बड़ा कारण है।
गेंदबाजी में गायकवाड़ के कई फैसले बेहद गलत रहे।
शिवम दुबे से उन्होंने गेंदबाजी कराई जिन्होंने 2 ओवर में 30 रन लुटवा दिये। इधर मैट हेनरी जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज का ओवर बाकी ही रह गया।
प्रशांत वीर 14 करोड़ रूपये में चेन्नई ने खरीदा। उन्हें ऑलराउंडर खिलाड़ी के तौर पर टीम में शामिल किया गया था। लेकिन गायकवाड़ ने उनसे एक भी ओवर गेंदबाजी नहीं कराया। जबकि वो रवीन्द्र जाडेजा के विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किये गये हैं।
चेन्नई का टॉप ऑर्डर लगातार फेल हो रहा है। कप्तान रितुराज और संजू सैमसन के साथ ही आय़ुष महात्रे का भी फ्लॉप शो चल रहा है।
अगर निचले क्रम के बल्लेबाजों को शीर्ष क्रम का साथ मिले तो मैच का परिणाम बदल सकता है।
