IPL 2026 CSK Vs RCB: पहले फिल साल्ट, विराट कोहली और देवदत्त पड्डिकल ने मारा, फिर रजत पाटीदार और टिम डेविड ने ऐसा कूटा कि चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों को कई दिनों तक शायद ही नींद आये।
मौका था आईपीएल सीजन 19 के 11वें मुकाबले की। इसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) आमने सामने थे।
चेन्नई के कप्तान रितुराज गायकवाड़ ने टॉस जीता और बेंगलुरू को बल्लेबाजी के लिए निमंत्रण दे दिया।
फिर ऐसा तूफान आया कि चेन्नई के खिलाड़ियों के साथ दर्शक भी हैरान रह गये।
फिल साल्ट और विराट कोहली ने पारी की शुरूआत की। 37 रन के टीम के स्कोर पर विराट आउट हुए जिसमें 18 गेंदों पर 28 रन उनके बल्ले से निकले थे।
इसके बाद फिल साल्ट 30 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्के की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए।
14.1 ओवर में देवदत्त पडिक्कल आउट हुए। आउट होने से पहले उन्होंने 29 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 50 रन बनाये।
पडिक्कल के आउट होने तक टीम का स्कोर 14.1 ओवर में 151 रन था।
टीम का रन रेट 10 से उपर था और उम्मीद थी कि अब चेन्नई के गेंदबाज लगाम लगायेंगे और 200 के भीतर आरसीबी की टीम को रोक देंगे।
असली तूफान अभी बाकी था
बेंगलुरू के कप्तान रजत पाटीदार और टिम डेविड ने बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में रनों की आंधी ला दी।
इनके बल्ले से चौके कम और छक्कों की ज़्यादा बरसात हो रही थी।
टिम डेविड और रजत पाटीदार ने मिलकर आखिरी 29 गेंदों पर 99 रन बना दिये।
इसमें टिम डेविड ने 25 गेंदों पर 8 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 70 रन ठोंके, जबकि रजत पाटीदार ने 19 गेंदों पर 6 छक्कों और 1 चौके की मदद से 48 रन बनाये। दोनों बल्लेबाज आखिर तक नाबाद रहे।
चेन्नई की कमज़ोर गेंदबाजी
चेन्नई सुपर किंग्स के सभी गेंदबाजों की जमकर कुटाई हुई। खलील अहमद सबसे किफायती रहे लेकिन उन्होंने भी 9.25 के इकोनॉमी से रन खर्च किये। उनके अलावा मैट हेनरी ने 3 ओवर में 36, अंशुल कंबोज ने 4 ओवर में 52, नूर अहमद ने 4 ओवर में 49, जेमी ओवरटन ने 3 ओवर में 42 और शिवम दुबे ने 2 ओवर में 30 रन लुटाये।
