रोहित इन, हार्दिक आउट, सूर्या कमांडर, बदल गयी मुंबई इंडियंस, लखनऊ को दी करारी शिकस्त

Mumbai beat Lucknow: मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को करारी शिकस्त देकर उसकी प्ले ऑफ में पहुंचने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस हार के साथ ही घरेलु मैदान इकाना पर लगातार सातवीं हार का अनचाहा रिकॉर्ड बनाया।

दोनों टीमों के लिए यह करो या मरो वाला मुकाबला था।

रोहित इन, हार्दिक आउट, सूर्या कमांडर

मुंबई इंडियंस के लिए सुखद खबर आई कि रोहित शर्मा चोट से उबरकर वापसी करने को तैयार थे।

प्रतियोगिता में असफल रहे हार्दिक पांड्या चोट के कारण मैदान से बाहर थे और कमान टी-20 विश्व चैंपियन कप्तान सूर्यकुमार यादव के हाथों में थी।

सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीता और लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।

लखनऊ ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाये।

रोहित-रिकल्टन का तूफान

229 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस के पारी की शुरूआत रोहित शर्मा और रियान रिकल्टन ने की।

दोनों ने पहले विकेट के लिए 10.4 ओवर में ही 143 रन जोड़ दिये।

हालांकि दोनों बल्लेबाज शतक से थोड़े पीछे रह गये।

रियान रिकल्टन ने 32 गेदों पर 83 और रोहित ने 44 गेंदों पर 84 रनों की पारी खेली।

रिकल्टन ने अपना विकेट मोहसिन की गेंद पर गंवाया जबकि रोहित ने सिद्धार्थ की गेंद पर शमी को अपना कैच दिया।

सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा भी सस्ते में आउट हो गये।

लेकिन जीत की नींव इतनी गहरी थी कि नमन धीर और विल जैक्स ने आसानी से मुंबई को 18.4 ओवर में ही जीत दिला दी।

लखनऊ सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की शुरूआत अच्छी नहीं रही।

जोश इंग्लिस ने 5 गेंदों पर 15 रनों की पारी खेली और गजफनर का शिकार बने।

इसके बाद निकोलस पूरन तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करने उतरे।

पूरे प्रतियोगिता में फ्लॉप रहने वाले पूरन ने कमाल की बल्लेबाजी की और मैदान के चारों तरफ शॉट्स लगाये।

पूरन और मार्श ने 34 गेंदों पर 94 रनों की साझेदारी की।

निकोलस पूरन 21 गेंदों पर 63 रन बनाकर आउट हुए।

8 ओवर में ही लखनऊ की टीम 123 रन बना चुकी थी और ऐसा लग रहा था कि इस मैच में 250 का आंकड़ा आसानी से छू लेगी।

लेकिन पूरन और मार्श का विकेट गिरने के बाद लखनऊ की बल्लेबाजी कमज़ोर पड़ गयी।

कप्तान ऋषभ पंत का बल्ला फिर फेल

लखनऊ के कप्तान ऋषभ का खराब प्रदर्शन जारी है।

इस महत्वपूर्ण मुकाबले में वे 10 गेंदों पर 15 रन ही बना सके।

12.1 ओवर में 5 विकेट पर 160 रन बनाने के बाद एडेन मारक्रम और हिम्मत सिंह आखिरी गेंद तक विकेट पर रहे।

लेकिन मुंबई की कसी हुई गेंदबाजी से 7.5 ओवर (47 गेंद) में महज 68 रन ही जोड़ पाये।