Korea Masters Super 300: गुवाहाटी की भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अस्मिता चलिहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोरिया मास्टर्स सुपर 300 के फाइनल में जगह बना ली है।
सेमीफाइनल में अस्मिता ने अपनी हमवतन रक्षिता रामराज को तीन गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में 21-13, 16-21, 21-13 से हराया।
अनुभव और आक्रमकता पड़ी रक्षिता पर भारी
अस्मिता ने मुकाबले की शुरुआत बेहद आक्रामक अंदाज में की। पहले गेम में उन्होंने रक्षिता पर शुरू से ही दबाव बनाए रखा और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 21-13 से गेम अपने नाम कर लिया।
हालांकि, दूसरे गेम में रक्षिता रामराज ने जबरदस्त वापसी की। रक्षिता ने अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए अस्मिता को कड़ी चुनौती दी और 21-16 से दूसरा गेम जीतकर मुकाबले को निर्णायक तीसरे गेम तक पहुंचा दिया।
तीसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन अस्मिता ने अपने अनुभव और आक्रामक खेल का बेहतरीन इस्तेमाल किया। उन्होंने अहम मौकों पर लगातार अंक हासिल किए और रक्षिता को 21-13 से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
चीन की हान कियानशी से होगा फाइनल मुकाबला
फाइनल में अस्मिता चलिहा के सामने चीन की हान कियानशी की चुनौती होगी। हान कियानशी ने पहले सेमीफाइनल में जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हिना अकेची को कड़े मुकाबले में 20-22, 21-15, 21-19 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
अब कोरिया मास्टर्स सुपर 300 के खिताबी मुकाबले में अस्मिता और हान कियानशी आमने-सामने होंगी।
अस्मिता की कोशिश होगी कि सेमीफाइनल में मिले शानदार आत्मविश्वास को फाइनल में भी बरकरार रखते हुए खिताब अपने नाम किया जाए।
गुवाहाटी की रहने वाली अस्मिता चलिहा के लिए यह फाइनल भारतीय बैडमिंटन के लिहाज से भी बेहद अहम है।
सेमीफाइनल में हमवतन खिलाड़ी को हराने के बाद अब उनकी नजर अंतरराष्ट्रीय खिताब पर है।
