World Athletics U-20: विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में भारत के आशीष यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया।
आशीष ने तीसरे दौर में 74.09 मीटर का बेहतरीन थ्रो फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया।
इस पदक के साथ ही उन्होंने इस स्पर्धा में भारत की पदक तालिका का खाता खोला।
आशीष यादव अब नीरज चोपड़ा के बाद विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय बन गये हैं।
उनकी इस उपलब्धि ने भारतीय एथलेटिक्स में एक बार फिर भाला फेंक की बढ़ती ताकत को दर्शाया है।
इसी स्पर्धा में भारत के टी. धरणीधरन का फाइनल में प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा।
उन्होंने 72.35 मीटर का थ्रो फेंका और प्रतियोगिता में छठे स्थान पर रहे।
हालांकि वह पदक से चूक गये, लेकिन दोनों भारतीय खिलाड़ियों का फाइनल में पहुंचना भारत के लिए सकारात्मक संकेत रहा।
फाइनल में नहीं चल पाया अशफाक का जादू
एक दिन पहले पुरुषों की 400 मीटर हीट के पहले दौर में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने वाले मोहम्मद अशफाक फाइनल में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके।
अशफाक ने फाइनल में 46.20 सेकेंड का समय निकाला और आठवें स्थान पर रहे।
अशफाक ने इससे पहले हीट के दौरान शानदार प्रदर्शन करते हुए 45.81 सेकेंड का समय निकालकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था।
उनके इस प्रदर्शन से फाइनल में पदक की उम्मीदें बढ़ गयी थीं, लेकिन खिताबी दौड़ में वह अपनी लय बरकरार नहीं रख सके।
पूजा सिंह ने ऊंची कूद के फाइनल में बनाई जगह
महिलाओं की ऊंची कूद में भारत की पूजा सिंह ने फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
पूजा ने 1.79 मीटर की ऊंचाई पार करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
अब उनसे फाइनल में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
भारतीय दल की नजरें इस स्पर्धा में एक और पदक पर टिकी हैं।
लंबी कूद में भी दो भारतीय फाइनल में
पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में भारत के शाहनवाज़ खान और जितिन अर्जुन ने भी फाइनल में जगह बना ली है।
दोनों खिलाड़ियों के फाइनल में पहुंचने से भारत की पदक उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।
महिलाओं की भाला फेंक में पूनम चूकीं
हालांकि महिलाओं की भाला फेंक स्पर्धा में भारत को निराशा हाथ लगी।
पूनम क्वालीफिकेशन राउंड से आगे नहीं बढ़ सकीं और फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहीं।
विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में अब तक भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन मिलाजुला रहा है।
आशीष यादव के रजत पदक ने भारत को बड़ी सफलता दिलाई है, जबकि पूजा सिंह, शाहनवाज़ खान और जितिन अर्जुन के फाइनल में पहुंचने से आने वाले मुकाबलों में भारतीय दल की पदक उम्मीदें बनी हुई हैं।
