राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के खिताबी भिड़ंत में झारखंड, लगातार 10वें वर्ष फाइनल में

Hockey Championship: महाराष्ट्र में चल रहे 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड की महिला टीम खिताबी मुकाबले में पहुंच गयी है।

सेमीफाइनल में झारखंड ने मध्यप्रदेश को पेनाल्टी शूटआउट में 2–1 से पराजित कर लगातार 10वें वर्ष फाइनल में प्रवेश किया।

सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा।

मैच के पहले क्वार्टर में मध्यप्रदेश ने 15वें मिनट में गोल कर 1–0 की बढ़त बना ली।

इसके बाद दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

दूसरे और तीसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ।

मैच के अंतिम क्षणों में झारखंड ने शानदार वापसी की।

60वें मिनट में झारखंड की ओर से एस्थर होरो ने शानदार फील्ड गोल कर टीम को 1–1 की बराबरी पर ला दिया, जिसके बाद मुकाबला पेनाल्टी शूटआउट तक पहुंचा।

पेनाल्टी शूटआउट में झारखंड की ओर से सलोमी नाग ने पहला गोल किया। इसके बाद अनुप्रिया सोरेंग के प्रयास के दौरान पेनाल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे रजनी केरकेट्टा ने गोल में तब्दील कर झारखंड को बढ़त दिलाई।

झारखंड की गोलकीपर गंगी बरलाबने मध्यप्रदेश के प्रयासों को शानदार ढंग से रोकते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस प्रतियोगिता में हॉकी झारखंड की टीम ने लगातार शानदार वापसी करते हुए अपने मुकाबले जीते हैं।

दबावपूर्ण परिस्थितियों में अंतिम क्षण तक संघर्ष करने और मैच का रुख बदलने की टीम की क्षमता उसकी बड़ी ताकत बनकर सामने आई है।

इसी शानदार प्रदर्शन का परिणाम है कि झारखंड की जूनियर महिला टीम लगातार 10वीं वर्ष फाइनल में पहुंचने में सफल रही।

भारतीय टीम का फाइनल तक का सफर

झारखंड ने प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबले में चंडीगढ़ को 6–0 से तथा हॉकी पंजाब को 3–1 से पराजित किया।

इसके बाद क्वार्टर फाइनल में ओडिशा को पेनाल्टी शूटआउट में 4–3 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

सेमीफाइनल मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए झारखंड की एस्थर होरो को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।