National Sports Day: रांची के डीएवी पब्लिक स्कूल गांधीनगर में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महान हॉकी खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’मेजर ध्यानचंद को याद किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके खेल जीवन, अनुशासन, समर्पण एवं राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन, ईमानदारी, टीम भावना तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया।
छात्रों ने खेलों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा सदैव खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की खेल शपथ भी ली।
इस अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल्स, झारखंड जोन-बी के एआरओ एम.के. सिन्हा ने अपने संदेश में कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और सहयोग की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से मेजर ध्यानचंद के समर्पण एवं खेल के प्रति निष्ठा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने अपने असाधारण खेल कौशल और कठोर अनुशासन से भारत को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने तथा स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र एवं खेल भावना के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।
