National Sports Day: हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी के जन्मदिन पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है।
इस पावन अवसर पर खेल पदाधिकारियों को दिया गया सम्मान गर्व का क्षण है।
उक्त बातें बोकारो जिला की खेल पदाधिकारी हेमलता बुन ने कही।
वे बोकारो जिला ओलम्पिक संघ के द्वारा आयोजित “संवाद कार्यक्रम” में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद थीं।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि यह दिन खिलाड़ियों के लिए मेजर ध्यानचंद के आदर्शों को आत्मसात करने का दिन है।
इसे उत्सव का रुप देकर जिला ओलम्पिक संघ के पदाधिकारियों ने अनुकरणीय कार्य किया है।
संवाद के तहत उपस्थित जिला ओलम्पिक संघ एवं जिले में संचालित मान्यता प्राप्त विविध खेल संघों के पदाधिकारियों ने जिले में खेल के विकास के संकल्प को दुहराते हुए आने वाले दिनो में बोकारो जिला का नाम खेल के क्षेत्र में अन्तर्राष्ट्रीय मानचित्र पर पहुँचाने पर बल दिया।
इस अवसर पर बोकारो जिला जुडो संघ ने जिला जुडो प्रतियोगिता आयोजित कर भारत रत्न मेजर ध्यानचंद जी को श्रद्धांजलि अर्पित किया।
उक्त अवसर पर उपस्थित सभी जिला खेल संघों के पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि ने अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बोकारो जिला ओलम्पिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश्वर सिंह एवं संचालन महासचिव गोपाल ठाकुर ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजीव कुमार सिंह, भोला महतो, सतेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह, शेख नसीमुद्दीन, डॉ खेदु गोराई, पवन कुमार सिंह, हरेन्द्र कुमार, बाल मुकुंद प्रजापति, सुमित चटर्जी और चंद्रकांत कुमार उपस्थित थे।
