Major Dhyan Chand Hockey Championship: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त से सिमडेगा में शुरू हुई 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला महिला-पुरुष हॉकी चैंपियनशिप रोमांचक दौर में पहुंच गई है।
प्रतियोगिता के सातवें दिन बुधवार को महिला वर्ग के चार क्वार्टर फाइनल और पुरुष वर्ग के 14 लीग मुकाबलों समेत कुल 18 मैच खेले गए।
हॉकी झारखंड के मार्गदर्शन में हॉकी सिमडेगा और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस चैंपियनशिप के महिला वर्ग में सीओई सिमडेगा ‘A’, एसटीसी सिमडेगा, सेंट जेवियर बरवाडीह और लोम्बोई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल में सीओई सिमडेगा ‘A’ ने टाटा सीनी जलडेगा को 7-0 से करारी शिकस्त दी।
वहीं एसटीसी सिमडेगा ने मिनी शक्ति नारी सिमडेगा को 3-0 से हराया।
सेंट जेवियर बरवाडीह ने यू.सी. रेंगारीह को बेहद करीबी मुकाबले में 1-0 से मात दी, जबकि लोम्बोई ने सेंट एन्स तैंसेर को 1-0 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।
पुरुष वर्ग में गोलों की बरसात
पुरुष वर्ग में भी 14 मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जमकर गोल किए।
कुडापानी ‘B’ ने आर.सी. कोचेडेगा को 9-0 से हराया, जबकि जीलिंगा ने कोचेडेगा ग्रामीण को 5-0 से शिकस्त दी।
आदिवासी हॉस्टल ‘A’ ने रेगारी को 5-2, श्री माधव हरि छात्रावास ने रेंगारबाहर पीडियापोस को 5-0, लोम्बोई ने एबी ब्रदर्स आसनबेड़ा को 4-1 और लिटिल टाइगर ने मिनी ब्रदर को 4-2 से पराजित किया।
इसके अलावा मास्टर ब्रदर ने कुडापानी ‘A’ को 3-0, डिंगुरपानी ने टाटा सीनी जलडेगा को 1-0, के.वी.एस. सिमडेगा ‘A’ ने पी.एम. श्री बासेन को 2-0, मांझी क्लब आसनबेड़ा ने आदिवासी हॉस्टल ‘B’ को 3-0 और सेंट अन्ना समटोली ‘A’ ने तैसेर ग्रामीण को 1-0 से हराया।
दो मुकाबले ड्रॉ रहे।
कुरसकेला और बिधनईन टोली के बीच मुकाबला 2-2, जबकि गोंडवाना ब्रदर और सुरीन ब्रदर के बीच मैच 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुआ।
हेठमा पंचायत ने गोंडवाना क्लब सलडेगा को 5-1 से हराया।
71 मुकाबले पूरे, 128 मैचों का लक्ष्य
सात दिनों में अब तक महिला वर्ग में 36 और पुरुष वर्ग में 35, यानी कुल 71 मुकाबले खेले जा चुके हैं।
इस प्रतियोगिता में महिला और पुरुष वर्ग की कुल 58 टीमों के बीच 128 मैच खेले जाने हैं।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम और एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम सिमडेगा में लगातार एक साथ मुकाबले खेले जा रहे हैं।
