झारखंड की मिट्टी से निकली छलांग ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड की ऊंचाई छू ली, 15 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ हिमांशु ने रचा इतिहास

National Record Break: पंजाब के लुधियाना स्थित गुरुनानक स्टेडियम में संपन्न हुए 21वीं नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झारखंड के एथलीट हिमांशु सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

पूर्वी सिंहभूम के हिमांशु ने पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में 2.09 मीटर की छलांग लगाकर न सिर्फ स्वर्ण पदक जीता, बल्कि एक नया राष्ट्रीय मीट रिकॉर्ड भी कायम किया।

हिमांशु ने इस प्रदर्शन के साथ वर्ष 2005 में राजेश कालीरमन्ना द्वारा बेंगलुरु में बनाए गए 2.08 मीटर के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

हिमांशु की 2.09 मीटर की छलांग ने झारखंड के लिए इस प्रतियोगिता में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की।

ऊंची कूद में असम के जुबिन गोहैन ने भी 2.09 मीटर की छलांग लगाई और दूसरे स्थान पर रहे, जबकि तमिलनाडु के शक्तिबेल वी.एन. ने 2.07 मीटर के प्रदर्शन के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

इन खिलाड़ियों ने भी किया शानदार प्रदर्शन

चैंपियनशिप में झारखंड के अन्य एथलीटों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में पूर्वी सिंहभूम की ममता मेरी मुर्मू चौथे स्थान पर रहीं।

वहीं लातेहार के जयदीप उरांव ने हैप्टाथलॉन में शानदार प्रदर्शन किया।

गुमला के कमलेश उरांव ने लंबी कूद में पांचवां स्थान हासिल किया, जबकि गुमला के ही सुभाष उरांव 1000 मीटर स्पर्धा में छठे स्थान पर रहे।

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की एथलेटिक्स प्रतिभा को एक बार फिर सामने रखा है।

हिमांशु सिंह को मिली बधाई

हिमांशु सिंह की इस उपलब्धि पर झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की वित्त समिति के चेयरमैन डॉ. मधुकांत, झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सी.डी. सिंह और सचिव एस.के. पांडे समेत संघ के पदाधिकारियों ने बधाई दी।

संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और टीम मैनेजर ने झारखंड के सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

हिमांशु सिंह की 2.09 मीटर की रिकॉर्ड छलांग को झारखंड की युवा एथलेटिक्स प्रतिभा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।