अहमदाबाद में दुनिया के 19 देशों का निशाना, पैरा तीरंदाजी में भारत की बेटियां और सितारे दिखाएंगे दम

World Archery Para Series: तीर कमान पर है, निशाना सामने है और नजरें बुल्सआई पर…

लेकिन इस बार कहानी सिर्फ तीरंदाजी की नहीं, बल्कि हौसले, जुनून और जज्बे की है।

अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर आज से 9 सितंबर तक भारत पहली बार अंतरराष्ट्रीय World Archery Para Series की मेजबानी कर रहा है।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इसका उद्घाटन किया।

प्रतियोगिता के तीसरे चरण में 19 देशों के 109 पैरा तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं।

भारत के लिए यह आयोजन इसलिए भी खास है क्योंकि दुनिया के शीर्ष पैरा तीरंदाजों के बीच भारतीय खिलाड़ियों को अपने ही देश में दम दिखाने का मौका मिल रहा है।

भारतीय टीम में 29 खिलाड़ी शामिल हैं।

टीम की सबसे बड़ी उम्मीदों में विश्व नंबर-1 शीटल देवी और तोमन कुमार शामिल हैं।

शीटल देवी पर रहेंगी सबकी नजरें

भारत की युवा स्टार शीटल देवी इस प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण हैं।

कंपाउंड महिला वर्ग की विश्व नंबर-1 और मौजूदा विश्व चैंपियन शीटल ने अपनी प्रतिभा और हौसले से पैरा तीरंदाजी की दुनिया में अलग पहचान बनाई है।

उनके साथ पैरालंपिक पदक विजेता राकेश कुमार और पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह भी भारतीय चुनौती को मजबूत करेंगे।

रिकर्व वर्ग में हरविंदर सिंह और महिला वर्ग में पूजा से भी पदक की उम्मीदें हैं।

सिर्फ पदक नहीं, एशियन पैरा गेम्स की तैयारी भी

अहमदाबाद में होने वाली यह प्रतियोगिता सिर्फ विश्व रैंकिंग अंक और पदकों के लिए महत्वपूर्ण नहीं है।

Aichi-Nagoya 2026 Asian Para Games भी करीब हैं और ऐसे में दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों के सामने प्रदर्शन भारतीय तीरंदाजों के लिए बड़ी परीक्षा होगी।

प्रतियोगिता में रिकर्व, कंपाउंड, W1 और विजुअली इम्पेयर्ड वर्गों में मुकाबले होंगे। व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं के साथ मिश्रित टीम मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे।

भारत के लिए अहमदाबाद की यह मेजबानी एक और मायने में बड़ी उपलब्धि है।

देश पहली बार विश्व पैरा तीरंदाजी सीरीज के अंतरराष्ट्रीय चरण की मेजबानी कर रहा है।

यानी इस बार निशाना सिर्फ पदक पर नहीं है, निशाना है दुनिया को यह दिखाना कि भारत पैरा स्पोर्ट्स के मामले में भी अब किसी से पीछे नहीं।