सिमडेगा में COE का दबदबा, पुरुष और महिला वर्ग में चैंपियन, 58 टीमों के बीच 128 मुकाबलों में बरसे 492 गोल

Hockey Championship: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला पुरुष एवं महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ।

अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम और एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में 29 अगस्त से 13 सितंबर तक चली 16 दिवसीय प्रतियोगिता में 58 टीमों के बीच कुल 128 मुकाबले खेले गए, जिसमें 492 गोल दागे गए।

हॉकी झारखंड के मार्गदर्शन तथा हॉकी सिमडेगा और खेल विभाग, सिमडेगा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) सिमडेगा ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में खिताब अपने नाम कर सिमडेगा हॉकी में अपना दबदबा कायम रखा।

पुरुष वर्ग में COE सिमडेगा लगातार दूसरी बार चैंपियन

पुरुष वर्ग के फाइनल में COE सिमडेगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लिटिल टाइगर को 5-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

इस जीत के साथ COE सिमडेगा लगातार दूसरी बार चैंपियन बना।

लिटिल टाइगर की टीम पिछले छह वर्षों से लगातार फाइनल में जगह बनाती आ रही है।

हालांकि, इस बार उसे उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा।

तीसरे स्थान के मुकाबले में आदिवासी हॉस्टल ‘A’ ने पुलिस केंद्र सिमडेगा को 4-2 से हराया।

महिला वर्ग में COE की हैट्रिक

महिला वर्ग के फाइनल में भी COE सिमडेगा ‘A’ का जलवा देखने को मिला।

टीम ने STC सिमडेगा को 5-3 से शिकस्त देकर लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

STC सिमडेगा वर्ष 2010 से लगातार इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है।

इस वर्ष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया।

महिला वर्ग के तीसरे स्थान के मुकाबले में संत जेवियर उच्च विद्यालय, बरवाडीह ने लोंबोई को 2-1 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया।

फ्लैबियस और अनुप्रिया बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया।

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

  • महिला– अनुप्रिया एक्का, STC सिमडेगा
  • पुरुष– फ्लैबियस तिर्की, लिटिल टाइगर

इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

  • महिला– रितिका डुंगडुंग
  • पुरुष– धनेश्वर मांझी

बेस्ट गोलकीपर

  • महिला– रश्मि समद
  • पुरुष– अरुण सोय

सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर

  • महिला– सीता कुमारी
  • पुरुष– विनय कुजूर

बेस्ट मिडफील्डर

  • महिला– सबीना टोपनो
  • पुरुष– सुमित बरवा

बेस्ट फॉरवर्ड

  • महिला– राजमनी कुमारी
  • पुरुष– सुमन सोरेंग

वहीं इमर्जिंग टीम ऑफ द चैंपियनशिप का पुरस्कार महिला वर्ग में लोंबोई और पुरुष वर्ग में KVS ‘A’ को मिला।

खिलाड़ियों को मिला शानदार मंच

समापन समारोह में एसडीएम सिमडेगा सुमन तिर्की और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुशीला लकड़ा ने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के खिलाड़ियों के साथ व्यक्तिगत पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया।

पुरुष फाइनल की शुरुआत सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा, जिप सदस्य जोसिमा खाखा, सिलबेस्ट्र बघवार और शकील अहमद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर की।

महिला फाइनल का शुभारंभ एसडीएम सुमन तिर्की ने किया।

सिमडेगा हॉकी की नर्सरी है- विधायक भूषण बाड़ा

पुरुष फाइनल के दौरान विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि सिमडेगा हॉकी की नर्सरी है और हॉकी को आगे बढ़ाने के लिए हॉकी संघ, जनप्रतिनिधि और प्रशासन लगातार काम कर रहे हैं।

उन्होंने हॉकी के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

एसडीएम सुमन तिर्की ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों के साथ खड़ा है।

उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास जारी रखने और अपने प्रतिभा को और निखारने की अपील की।

उन्होंने उम्मीद जताई कि सिमडेगा के खिलाड़ी भविष्य में देश के लिए खेलेंगे।

128 मैच और 492 गोल, बना ऐतिहासिक आयोजन

हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने प्रतियोगिता को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह भारत की उन बड़ी जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसमें 58 टीमों ने हिस्सा लिया और 128 मुकाबले खेले गए।

उन्होंने हॉकी सिमडेगा, जिला प्रशासन, खेल विभाग, पुलिस, मेडिकल टीम और प्रतियोगिता से जुड़े सभी लोगों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि 21 वर्षों से प्रतियोगिता को देखते आ रहे हैं, लेकिन इस वर्ष टीमों की भागीदारी, मुकाबलों का स्तर और खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा।

यह आयोजन सिमडेगा में हॉकी के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।