Cycling State League: भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) एवं साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के निर्देशन में झारखंड साइकिलिंग संघ की ओर से आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता ट्रैक साइकिलिंग स्टेट लीग-2026 का रविवार को रांची के खेलगांव स्थित सिंधु-कान्हू वेलोड्रोम स्टेडियम में शानदार समापन हुआ।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में झारखंड के 15 जिलों से बालिका एवं महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न ट्रैक स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में झारखंड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शुभेंदु दुबे, झारखंड रोइंग संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार और झारखंड वुशु संघ के अध्यक्ष चंचल भट्टाचार्य मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
तीनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का समापन किया।
इस अवसर पर झारखंड साइकिलिंग संघ के कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह ने अतिथियों को मोमेंटो एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह, प्रतिभा और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं महिला एवं बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराती हैं।
दूसरे दिन इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
कैरिन– वुमेन जूनियर में निकिता सोरेंग ने स्वर्ण, सीमा उरांव ने रजत और अनीता उरांव ने कांस्य पदक हासिल किया।
कैरिन– वुमेन एलीट में सबीना कुमारी ने स्वर्ण पदक जीता।
सिंधु लता हेंब्रम ने रजत और श्वेता कुमारी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
इंडिविजुअल परस्यूट– वुमेन जूनियर में शीला बांरा ने स्वर्ण, मरियम हेंब्रम ने रजत और बुदनी समर ने कांस्य पदक जीता।
स्क्रैच रेस– वुमेन एलीट में सिंधु लता हेंब्रम ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
श्वेता कुमारी को रजत और पुष्प कुमारी को कांस्य पदक मिला।
दो दिनों तक चली प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने ट्रैक पर शानदार गति, तकनीक और प्रतिस्पर्धी जज्बे का प्रदर्शन किया।
खास तौर पर बालिका एवं महिला खिलाड़ियों की भागीदारी ने झारखंड में महिला साइकिलिंग की बढ़ती संभावनाओं को बल दिया।
समापन समारोह में झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा नियुक्त पीसीपी अभिजीत सेठ, सतविंदर कौर, आशीष कुमार, चंद्र बहादुर सिंह, राजकुमार मेहता, जितेंद्र महतो, दिलीप कुमार गुप्ता, नरेश कुमार, राम कुमार भट्ट, कृष्ण कुमार सहित संघ के पदाधिकारी, तकनीकी अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में झारखंड साइकिलिंग संघ के पदाधिकारियों, तकनीकी अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
खेलो इंडिया अस्मिता ट्रैक साइकिलिंग स्टेट लीग ने झारखंड की उभरती महिला साइकिलिस्टों को प्रतिस्पर्धी मंच देने के साथ भविष्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए नई उम्मीद भी जगाई है।
